चरखी दादरी। दस माह पहले हुई चोरी में अब तक कार्रवाई न होने से क्षुब्ध गांधीनगर निवासी महिला ने डीसी मनदीप कौर से मुलाकात की। शिकायतकर्ता ने उनके समक्ष कहा कि चोरी के केस में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
शिकायतकर्ता राजबाला ने बताया कि गत 4 अगस्त 2023 को वह और उसका पति राजकुमार बीईओ कार्यालय में नौकरी करने गए थे। उसी दौरान चोरों ने घर से दो लाख रुपये, सोने का एक हार, दो कंगन, दो बाली, झुमकी, एक टीका आदि चोरी कर लिए। इसके बाद उसके पति ने पुलिस को शिकायत दी और साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी दी। इसमें दो चोर सामान ले जाते हुए नजर आ रहे हैं।
महिला ने बताया कि वो दस माह से पुलिस थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन अभी तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि हर बार पुलिस प्रशासन उसे आश्वासन देता है। डीसी ने महिला को सकारात्मक आश्वासन दिया।
वहीं चोरी की घटनाओं से लोगों में रोष, दहशत और गुस्सा है। उन्होंने ऐसी घटनाएं रोकने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने हर सूचना की रिपोर्ट दर्ज कर चोरी गई संपत्ति बरामद करवाने की मांग की है। आरोपियों को सख्त सजा भी दिलाने का सुझाव दिया गया है।