प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील करने के लिए आज दादरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। घसोला के समीप उनकी जनसभा होगी। पीएम के आगमन के चलते चरखी दादरी जिला पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। ढाई हजार पुलिस कर्मचारियों सहित सीमा सुरक्षा बल की कंपनियों की तैनाती की गई है। सोमवार को रोहतक रेंज के आईजी संदीप खिरवार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे और उनकी देखरेख में फाइनल रिहर्सल की गई। रैली का समय सुबह दस बजे रखा गया है। आईजी ने रैली स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज घसोला गांव के समीप आयोजित होने वाली रैली के मंच से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील करेंगे। सोमवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे रोहतक रेंज के आईजी ने हेलीपैड व रैली स्थल पर बनाए गए मंच का सुरक्षा के नजरिये से जायजा लिया। भाजपा पदाधिकारियों की मानें तो रैली स्थल पर करीब एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। रैली स्थल पर पंडाल तैयार किया जा चुका है और जिले में पुलिस नाकों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। प्रधानमंत्री की रैली के मद्देनजर 14 नाकों की जगह अब बीस नाके लगाए गए हैं। अलग-अलग जिलों से करीब ढाई हजार पुलिस कर्मचारी सुरक्षा की कमान संभालने के लिए दादरी जिले में पहुंच चुके हैं। रैली स्थल पर सुरक्षा की कमान दस एसपी, तीन एएसपी, 21 डीएसपी व 50 इंस्पेक्टर सहित 2400 पुलिस कर्मचारी संभालेंगे। आईजी संदीप खिरवार सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे रैली स्थल पर पहुंचे और 2:40 पर फाइनल रिहर्सल शुरू की गई। करीब बीस मिनट रिहर्सल चली और आईजी ने बारीकी से इसका निरीक्षण किया। वहीं, डॉग स्क्वायड की दो टीमों ने भी रैली स्थल पर जांच की।
बीस एंबुलेंस और दस दमकल विभाग की गाड़ियों की रहेगी व्यवस्था
पीएम की रैली के मद्देनजर एक तरफ जहां सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है, वहीं किसी अप्रिय घटना से निपटने की तैयारियां भी प्रशासन ने कर रखी है। रैली स्थल पर करीब बीस एंबुलेंस और दस दमकल विभाग की गाड़ियां मौजूद रहेंगी। एंबुलेंस और दमकल विभाग की गाड़ियां समीपवर्ती जिलों से मंगवाई गई हैं। दादरी जिले की अगर बात करें तो 14 एंबुलेंस और पांच छोटी-बड़ी दमकल विभाग की गाड़ियां हैं। जिला दमकल और स्वास्थ्य विभाग के बेड़े में गाड़ियों और एंबुलेंस की संख्या कम होने से समीपवर्ती जिलों से ये मंगवाई गई हैं।
सात जिलों से पहुंची हैं पुलिस कंपनियां
पीएम नरेंद्र मोदी पहली बार दादरी जिले में जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंचे। जिले में सात जिलों से पुलिस कंपनियां पहुंच चुकी हैं। सूत्रों की मानें तो नारनौल, झज्जर, रोहतक, भिवानी, हिसार, मधुबन और सुनारिया से रैली के लिए पुलिस अधिकारी अपनी कंपनियों सहित पहुंचे हैं।
रैली स्थल से 500 मीटर दूर उतरेगा हेलीकॉप्टर
रैली स्थल से करीब पांच सौ मीटर दूर पीएम का हेलीकॉप्टर उतरने के हैलीपेड बनाया गया है। हेलीकॉप्टर लैंडिंग के बाद पीएम गाड़ियों के काफिले में रैली स्थल पर पहुंचेंगे। वहीं, हैफेड के गोदाम में वीआईपी लोगों के लिए सेफ हाउस बनाया गया है। यहां केवल वीआईपी को ही अंदर जाने की अनुमति होगी। यहां पीजीआई से आई चिकित्सकों की टीम भी तैनात रहेगी।