कृषि विभाग की ओर से गांव निमड़ी में किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि खरीफ की फसल में बीमा योजना को स्वैच्छिक कर दिया गया है।
कृषि विभाग के सहायक प्रौद्योगिकी प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ सीजन की शुरुआत हो चुकी है। फसल बीमा योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। उन्होंने बताया कि जो किसान प्राकृतिक आपदा व जोखिम आदि से बचना चाहता है। उस किसान को अपनी फसल का बीमा जरूर करवाना चाहिए। दादरी जिले में फसल बीमा के लिए बजाज एलायंस को अधिकृत किया गया है।
कृषि अधिकारी ने बताया कि किसान को पहले की तरह ही बीमित राशि का खरीफ फसल में 2.0 प्रतिशत और रबी फसल में 1.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। अबकी बार पहले से ज्यादा प्रीमियम राशि किसानों को देनी होगी क्योंकि इस बार बीमित राशि भी बढ़ाई गई है। किसान बैंक में जाकर बीमा करवाने के लिए बोई गई फसलों का विवरण देकर बीमा योजना का लाभ उठा सकता है। जो किसान योजना का लाभ नहीं लेना चाहता है। ऐसे किसानों को भी बैंक में बीमा नहीं करवाने के लिए लिखित में देना होगा।
उन्होंने मेरा पानी, मेरी विरासत के तहत धान की जगह अन्य फसलें जैसे कपास बाजरा, मक्का, मूंग आदि की बिजाई करने पर जोर दिया और कहा कि ऐसे किसानों को सरकार प्रोत्साहित करती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना वर्ष 2016 में शुरू की गई जिसके तहत अनेक किसान लाभान्वित हुए हैं।