कार्यक्रम में शपथ लेते हुए अधिकारी व विद्यार्थी।
चरखी दादरी। शहर स्थित जनता महाविद्यालय में रविवार को जिला निर्वाचन विभाग एवं एनएसएस, एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भय, लोभ, धर्म, जाति या क्षेत्र के आधार पर वोट नहीं डालने की शपथ ली।
कार्यक्रम में यूथ वोटर कवरेज कमेटी के समन्वयक डॉक्टर भूपेंद्र सिंह व उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाता ही आधार है। ऐसे में 18 वर्ष से या इससे अधिक आयु के सभी लोगों को अपना वोट बनवाना चाहिए और प्रत्येक मतदान में वोट डालकर देश का जागरूक नागरिक होने का कर्तव्य भी निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान बिना किसी भेदभाव एवं पक्षपात के वोट डाले और एक ऐसे व्यक्ति का चुनाव करें जो आपके क्षेत्र का विकास करके उसको आगे बढ़ा सके। विकास कार्य की सोच वाले व्यक्ति को चुनेंगे तो नागरिकों के लिए अच्छी योजनाएं बन सकेंगी और देश का विकास हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 25 जनवरी, 1950 में चुनाव आयोग की स्थापना हुई थी। देश में वर्ष 2011 से हर साल इस दिन को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि हम अपने जीवन में हमेशा राष्ट्रहित में मतदान करेंगे। कभी भी किसी भय, लोभ, धर्म, जाति या क्षेत्र के आधार पर उम्मीदवार को वोट नहीं डालेंगे। लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए हर चुनाव में वोट जरूर करें और सही व योग्य उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करें, यही वोटर डे मनाए जाने का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में कार्यकारी प्राचार्य डॉक्टर सुरेश कुमार ने बुके भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशन लाल, डॉ. प्रीति गुप्ता, एनसीसी अधिकारी डॉ. विपिन पाल एवं अन्य महाविद्यालय के छात्र एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।