चरखी दादरी। लगातार दो दिनों तक हुई बारिश के बाद बुधवार को जिले में धूप निकली। हालांकि दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और जिले के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम में नमी और ठंडी हवाओं के कारण वातावरण सुहावना बना रहा। मौसम साफ होने के साथ ही बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान सामान्य से कम रहने और बादलों की मौजूदगी के कारण लोगों को उमस व तेज गर्मी से राहत मिली। सुबह से ही धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा।
झोझू और बाढड़ा क्षेत्र में हुई बूंदाबांदी
जिले के झोझू, बाढड़ा व आसपास के कई गांवों में 10 बजे के करीब बूंदाबांदी हुई। कुछ स्थानों पर कुछ देर के लिए तेज फुहारें भी पड़ीं जिससे खेतों में नमी बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से खरीफ फसलों, विशेषकर बाजरा, कपास और मूंग की फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बाजारों और पार्कों में बढ़ी चहल-पहल
मौसम सुहावना होने का असर शहर की दिनचर्या पर भी देखने को मिला। शाम के समय शहर के प्रमुख बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चे पार्कों में खेलते नजर आए तो परिवार भी मौसम का आनंद लेने के लिए घरों से बाहर निकले।
चाय और नाश्ते की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ रही। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पिछले दो दिनों से बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम थी लेकिन धूप निकलने के बाद कारोबार में फिर से तेजी आई है।
आने वाले दिनों में बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जिले में मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय बनी हुई हैं। अगले कई दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बीच-बीच में बादल छाने, धूप निकलने और कहीं-कहीं तेज बारिश की स्थिति बन सकती है। ऐसे में किसानों को मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्य करने और आम नागरिकों को भी बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वर्सन:
राज्य में 21 जुलाई से 24 जुलाई के दौरान मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील व बीच-बीच में बादलवाई रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में हवाओं व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ-एक स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव की संभावना है जिससे दिन के तापमान में गिरावट परंतु रात्रि तापमान में बढ़ोतरी व वातावरण में नमी बढ़ने की संभावना है। - डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग।