- 21 अक्तूबर के संस्करण में अमर उजाला ने उठाई थी वाहन चालकों की परेशानी, रोड के एक से दूसरे छोर तक डाले गए पाइप और डाली गई मिट्टी हटने से अब मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। कॉलोनी के पानी की निकासी के लिए लोहारू रोड पर डाली गई पाइपलाइन और मिट्टी जनस्वास्थ्य विभाग ने हटवा दी है। इससे अब वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतें नहीं झेलनी पड़ेंगी। साथ ही यहां बार-बार लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी। वाहन चालकों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
सितंबर में हुई बारिश के दौरान शहर की लोहारू रोड एक्सटेंशन कॉलोनी में पानी भर गया था। इसके चलते लोगों ने डीसी आवास के बाहर प्रदर्शन के साथ रोड जाम किया था। इसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने पानी निकासी के लिए लोहारू रोड से होते हुए चरखी नहर तक पाइपलाइन डाली थी। पाइप लाइन को दबाने के लिए मिट्टी डाली गई थी। यहां ऊंचाई अधिक होने के कारण यहां भारी वाहन खराब हो रहे थे, जिसके चलते जाम भी लग रहा था।
वाहन चालकों की इस समस्या को अमर उजाला ने 21 अक्तूबर के संस्करण में प्रमुखता से उठाया था। इस संबंध में लोहारू रोड पर पाइपलाइन पर फंस रहे वाहन...नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों का इस ओर ध्यान गया। उन्होंने पाइपलाइन के अलावा मिट्टी भी हटवा दी। इससे अब वाहन चालकों को आवागमन में परेशानियों से दो-चार नहीं होना पड़ेगा।
फोटो 06
लोहारू रोड से हटाई गई पाइपलाइन और मिट्टी। संवाद