पेट्रोल पंप पर जांच करती हुई टीम।
चरखी दादरी। ईंधन कम डालने की शिकायत प्राप्त होने पर उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने कड़ा संज्ञान लेते हुए डीएफएससी को निर्देश दिए कि टीमें गठित करके नियमित तौर पर पेट्रोल पंपों की जांच करें। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में आम आदमी के साथ धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को भी इस विषय में जागरूक होना पड़ेगा और किसी भी पंप पर धोखाधड़ी का अंदेशा होने पर वे अपनी शिकायत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अथवा उनके कार्यालय में दर्ज करवा सकते हैं।
उपायुक्त के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को डीएफएससी नीतू सिंह के नेतृत्व में पेट्रोल पंपों की जांच की गई और उनके माप तथा समस्त रिकाॅर्ड को भी जांचा गया। डीएफएससी नीतू सिंह ने बताया कि जांच के दौरान रिकार्ड और माप-तौल में कोई कमी नहीं पाई गई है और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीमें आगे भी लगातार अपनी जांच जारी रखेंगी।