वार्ड 10 में कुड़ा के उठान न होने पर नारेबाजी करते लोग ।
- फोटो : CharkhiDadri
वार्ड-10 में 20 साल से बने प्लाट को डंपिंग प्वाइंट बना लिया है और अब यहां गंदगी में बदबू से लोग परेशान हैं। कई बार नप को शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते यहां वार्ड के लोगों ने मंगलवार को नप के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने बताया कि वार्ड में घरों के बीच कई वर्षों से एक खाली प्लाट पड़ा हुआ है। इसमें रिहायश न होने के कारण लोग व नप कर्मी सफाई कर कूड़ा इसमें डाल देते है और यह एक डंपिंग प्वाइंट बन गया है।
कूड़े के कारण मोहल्ले में गंदगी फैल रही है, जिससे बीमारी फैलने का अंदेशा है। लोगों ने बताया कि सफाई कर्मी गलियों की सफाई कर कूड़ा यही डाल देते हैं और कई दिनों तक कूड़े का उठान नहीं किया जाता है। इस बारे में पार्षद व चेयरमैन को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन आज तक इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अगर नगर परिषद का यही रवैया रहा तो वे कड़ा कदम उठाने को मजबूूर होंगे।
रंगीला हनुमान मंदिर के समीप वार्ड 10 में पिछले कई वर्षों से कूड़े उठान की समस्या बनी हुई है। इसको लेकर रविवार को लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार नप अधिकारियों को समस्या से अवगत करवा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। कूड़े में फैली गंदगी के चलते वार्ड वासियों को फैलने वाली बीमारियों भय बना हुआ है। लोगों ने बताया कि गंदगी की दुर्गंध घरों में फैल जाती है, लेकिन नप कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वो कड़े कदम उठाने को विवश होंगे। वार्ड-10 निवासी रेखा, कविता, सुनिता, रजनी, आशा, पूनम, सुंदर, शिवलाल सुरेश, नरेश, संजीव और सुदेश आदि ने बताया कि उनके वार्ड में कूड़े की व्यवस्था बेपटरी होने से लोग परेशान हैं। कूड़े के ढेर के कारण जरा सी हवा चलने पर मकानों के अंदर तक कूड़ा पहुंच जाता है। लोगों ने बताया कि पिछले करीब 20 वर्ष से वार्ड के हालात बुरे हैं, लेकिन नप को इससे कोई ध्यान नहीं दे रही है। गली और घरों में में दुर्गंध से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। लोगों ने कहा कि यहां नियमित सफाई नहीं की जाती और कूड़ा फैला होने से लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ती है।
सफाई इंस्पेक्टर विजय शर्मा ने कहा कि प्लाट के मालिक को तीन दिन में नोटिस देंगे। कूड़ा सफाई कर्मियों को समय पर उठान के लिए लगाया जाएगा और जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।