संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। नवनिर्वाचित विधायक उमेद पातुवास ने शुक्रवार को अनाज मंडी का दौरा कर बाजरा खरीद कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खरीद अधिकारियों को एमएसपी पर पंजीकृत बाजरा खरीदने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि तत्परता से किसानों से बाजरा खरीदा जाए जबकि उठान व भुगतान पर भी अधिकारी ध्यान दें।
विधायक के समक्ष आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष हनुमान शर्मा ने बताया कि मंडी में बाजरा खरीद कार्य देरी से शुरू होने पर किसानों के सामने अनेक समस्याएं आ रही हैं। मंडी परिसर छोटा होने के कारण भंडारण व उठान में अनेक समस्याएं पैदा हो गई हैं। विधायक ने कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से संबंध रखते हैं। उनकी समस्या से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि मंडी का दायरा छोटा पड़ रहा है तो इस समस्या का प्राथमिकता से समाधान करवाएंगे। जल्द ही साथ लगते गांवों की ग्राम पंचायत से भूमि मुहैया करवाने की अपील करेंगे। ताकि, मंडी का दायरा बढ़ाया जा सके।
विधायक ने कहा कि जिले में डीएपी की किसी प्रकार की किल्लत नहीं रहने दी जाएगी। वह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं। खरीद कार्य में किसी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार को सहन नहीं करेंगे। उन्होंने मंडी में अस्थायी कैंटीन खुलवाने की भी बात कही।
इस अवसर पर चेयरमैन सुधीर चांदवास, जिला पार्षद सुनील हड़ौदी, सरपंच एसोसिएशन अध्यक्ष रामचंद्र, अजय शर्मा मौजूद रहे।
्