फोटो 6- मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते राजस्व विभाग के पटवारी। विज्ञप्ति
प्रदर्शन कर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर जिले में वीरवार को पटवारियों ने सांकेतिक धरना एवं प्रदर्शन कर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने जिला प्रधान कुलबीर सांगवान के नेतृत्व में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान जिला राजस्व अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से अवगत करवाया कि मुख्यमंत्री ने सात जनवरी को पंचकूला में नवनियुक्त पटवारियों के लिए घोषणा की थी कि उनका प्रशिक्षण डेढ़ से घटाकर एक वर्ष किया जाएगा व ट्रेनिंग पीरियड को सर्विस अवधि में शामिल किया जाएगा और ट्रेनिंग के दौरान पूरा वेतनमान दिया जाएगा।
10 महीने बात जाने के पश्चात भी सरकार ने अपनी घोषणा को अमलीजामा नहीं पहनाया है। इसकी वजह से नवनियुक्त पटवारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रधान कुलबीर ने कहा कि सरकार जल्द नोटिफिकेशन जारी करे ताकि राज्यभर के नवनियुक्त पटवारियों को राहत मिल सके। इस दौरान सांकेतिक धरना दिया गया।
प्रधान ने कहा कि यदि दिवाली तक सरकार नोटिफिकेशन जारी नहीं करती है तो राज्य कार्यकारिणी को विवश होकर कठोर कदम उठाना पड़ेगा, जिसकी पूर्ण रूप से जिम्मेदारी सरकार की होगी।
प्रधान कुलबीर छिल्लर ने कहा कि सरकार की ओर से वर्ष 2024 में 1500 पटवारियों के अतिरिक्त पद स्वीकृत किए जा चुके हैं। इन पदों को भी शीघ्र भरा जाए।
एक दिवसीय सांकेतिक धरने के कारण तहसील दादरी, बाढड़ा व उपतहसील बौंदकलां में राजस्व से संबंधित कार्य ठप रहे। आमजन को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
इस अवसर पर राजकुमार घिकाड़ा, यशपाल, किसान सभा प्रधान किसान कुंगड़, सीटू से कमलेश भैरवी आदि उपस्थित रहे।