चरखी दादरी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रीति ने प्रस्तावित पंचायती राज चुनाव को देखते हुए विभागों को तैयारियों शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर अधिकारी क्षेत्र का दौरा करें। उन्होंने जल्द से जल्द संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्र का चयन करने को कहा है, ताकि उस अनुसार तैयारी की जा सके।
उपायुक्त ने कहा है कि निकट भविष्य में होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव निष्पक्ष एवं स्वतंत्र तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से जल्द ही संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची तैयार करके राज्य चुनाव आयोग को प्रेषित की जाएगी। इसे देखते हुए विधानसभा वाइज संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूचना जल्द से जल्द उपलब्ध करवाई जाए।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ निष्पक्ष एवं स्वतंत्र तरीके से चुनाव कराना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इस मामले में कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। इस संबंध में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी पूर्ण तालमेल के साथ कार्य कर रहे हैं।