फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन युवकों ने की थी निवर्तमान सरपंच संदीप की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन
साहुवास निवर्तमान सरपंच संदीप हत्याकांड का आरोपी पुलिस गिरफ्त में। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
चरखी दादरी। साहुवास निवर्तमान सरपंच संदीप हत्याकांड के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घिकाड़ा निवासी राहुल उर्फ मोनू ने प्रारंभिक पूछताछ में शहर निवासी चंद्रपाल पर भी फायरिंग करने की वारदात कुबूल करते हुए निवर्तमान सरपंच संदीप की हत्या करने का भी खुलासा किया है। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने सरपंच संदीप की हत्या प्रदीप कासनी और उसके साथियों के कहने पर की है। वारदात को अंजाम देने के लिए वे तीन युवक पहुंचे थे। अब पुलिस पांच दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर 23 जून को कोर्ट में आरोपी को फिर से पेश करेगी।
विज्ञापन

पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि चंद्रपाल फायरिंग कांड मामले में पुलिस ने 18 जून को राहुल उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरोपी राहुल उर्फ मोनू को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड दौरान आरोपी ने 12 जून को कपूरी धाम परिसर में साहुवास निवर्तमान सरपंच संदीप हत्याकांड को अंजाम को देने की वारदात भी कुबूली। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने सरपंच संदीप की हत्या प्रदीप कासनी और उसके साथियों के कहने पर की है। वारदात को अंजाम देने के लिए वह और उसके दो साथी घिकाड़ा निवासी जोगेंद्र उर्फ भोली और राजस्थान के निमराना थाना के रैवाना निवासी महेश उर्फ कोच्चा पहुंचे थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों मुख्य आरोपी फरार हैं, जबकि षड्यंत्र रचना वाला प्रदीप कासनी और उसके साथ जेल में बंद हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इसके लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत हैं। पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ मोनू को पांच दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 23 जून को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
चंद्रपाल फायरिंग मामले में चौथी और संदीप हत्याकांड में पहली गिरफ्तारी
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी राहुल उर्फ मोनू ने बताया कि उसने गत एक अप्रैल को पेशी से लौट रहे चरखी दरवाजा निवासी चंद्रपाल और उसके साथियों पर भी गोलियां चलाई थीं। चंद्रपाल और उसके साथी अल्टो में सवार थे जबकि आरोपी बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचे थे। पुलिस ने तीन आरोपियों मोखरा निवासी परमाला उर्फ अश्वनी, चांग निवासी संदीप उर्फ बाक्सर व घिकाड़ा निवासी सुमियल उर्फ सेमु को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वारदात में प्रयोग पल्सर आरोपी सुमियल से, जबकि एक पिस्टल और कारतूस संदीप उर्फ बाक्सर से बरामद हुए थे। अब राहुल उर्फ मोनू के रूप में इस मामले में चौथी और सरपंच संदीप हत्याकांड में पहली गिरफ्तारी हुई है।
विज्ञापन

संदीप कासनी हत्याकांड से शुरू हुई रंजिश लील रही जिंदगियां, अब तक चार ने गंवाई जान
करीब आठ साल पहले कासनी निवासी संदीप कासनी हत्याकांड से शुरू हुई दोनों पक्षों में रंजिश अब तक चार जिंदगियां लील चुकी है। संदीप की हत्या के बाद उसके भाई प्रदीप कासनी ने अपनी गैंग तैयार की और अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए अब तक तीन हत्याएं करवा चुके है। प्रदीप ने पहले ढाणी फौगाट निवासी खिलावनचंद की हत्या की तो फिर साहुवास सरपंच के भाई काला की घर में घुसकर हत्या की थी। गत 12 जून को इसी दुश्मनी के चलते काला के बड़े भाई और साहुवास के निवर्तमान सरपंच संदीप की कपूरी धाम परिसर में हत्या की गई।
- दादरी जिले के थानों में आठ तो भिवानी के राहुल उर्फ मोनू पर दर्ज है एक मामला
1- 23 नवंबर 2017 को सिटी थाने में धारा 147, 148, 149, 294, 323, 354, 325, 327, 379-बी, 427, 341 और 506 के तहत केस दर्ज हुआ।
2- पांच फरवरी 2019 को सदर थाने में धारा 147, 149, 323, 506 और सशस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ।
3- 31 अगस्त 2019 को चरखी दादरी सदर थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत आरोपी पर मामला दर्ज हुआ।
4- 25 अक्तूबर 2019 को दादरी सदर थाने में धारा 147, 149, 323 और 506 के तहत आरोपी पर केस दर्ज हुआ था।
5- 10 अक्तूबर 2019 को झोझूकलां में धारा 147, 148, 149, 307, 427, 452, 506, 120-बी और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ।
6- 10 अक्तूबर 2019 को दादरी सिटी थाने में धारा 147, 148, 285 और सशस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ।
7- 14 जुलाई 2019 को दादरी सिटी थाने में धारा 148, 149, 323 और 325 के तहत आरोपी पर केस दर्ज हुआ।
8- 17 अगस्त 2020 को भिवानी सदर थाने में 147, 149, 323 और 342 के तहत आरोपी पर केस दर्ज हुआ।
परिवार को दिया अतिरिक्त गनमैन : एसपी
साहुवास निवर्तमान सरपंच हत्याकांड का एक आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी काबू कर लिया जाएगा। मृतक के परिवार की सुरक्षा बढ़ाते हुए हमने एक गनमैन और दे दिया है। पुलिस गंभीरता और तत्परता से इस केस में कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन

विनोद कुमार, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें