चरखी दादरी। रेलवे रोड किनारे रखे लकड़ी के खोखो को हटाने पहुंची लोक निर्माण विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। करीब छह घंटे बाद टीम वहां से बैरंग लौट आई। हालांकि इससे पहले पूर्व विधायक राजदीप फौगाट और पूर्व चेयरमैन संजय छपारिया दुकानदारों के समर्थन में उतर आए और उन्होंने डीसी से लेकर कष्ट निवारण समिति के अध्यक्ष परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा से फोन पर बात कर मामले की जानकारी दी।
रेलवे रोड किनारे कई सालों से खोखे रखे हैं जिनके संचालक कई सालों से नगर परिषद को किराया भी जमा करवा रहे थे। स्थानीय लोगों समेत पूर्व विधायक राजदीप फौगाट का कहना है कि इन्हें न तो नगर परिषद अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र में बता रहे हैं और न ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारी। बावजूद इसके बुधवार सुबह करीब नाै बजे लोक निर्माण विभाग की टीम यहां रखे खोखों को हटाने पहुंच गई। लोगों ने बताया कि इससे पहले मंगलवार को आठ नोटिस जारी किए गए थे। वहीं, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अश्वनी भारद्वाज ने तीन नोटिस जारी करने की पुष्टि की है।
नोटिस जारी करने के अगले ही दिन लोक निर्माण विभाग के अधिकारी जेसीबी और पूरे अमले के साथ कार्रवाई के लिए पहुंच गए। टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोग लामबंद हो गए और बाद में पूर्व विधायक राजदीप फौगाट, पूर्व चेयरमैन संजय छपारिया, नगर परिषद उप-प्रधान संदीप फौगाट, पार्षद जयसिंह लांबा, सुधीर स्वामी नवीन प्रजापत, पार्षद प्रतिनिधि सत्यवान पहल व वीरेंद्र सांगवान आदि मौके पर पहुंच गए। दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया और इन मौजिज लोगों ने फोन पर पहले डीसी मनदीप कौर और उसके बाद उद्योग एवं परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा से बात की। इसके बाद डीसी के निर्देश देने पर टीम वहां से बिना कार्रवाई किए ही लौट गई।
लोग बोले- 24 घंटे में जगह खाली करने का नोटिस देकर उजाड़ रहे अधिकारी
जिन लोगों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किए गए, उन्होंने कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। लोगों ने बताया कि नोटिस में 24 घंटे के अंदर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए जबकि वो यहां 25 से 30 साल से काबिज होकर अपना रोजगार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी उन्हें उजाड़ने पर तूले हैं और कार्रवाई करना बिल्कुल गलत है।
शहर में 200 से अधिक खोखे और दुकानें
दरअसल, शहर में विभिन्न जगहों पर सड़क किनारे लंबे समय से खोखे रखे हुए हैं जिन्हें कई सालों से लोग दुकानों के तौर पर प्रयोग कर रहे हैं। पूर्व विधायक राजदीप फौगाट ने बताया कि ऐसे शहर में करीब 200 से अधिक केस हैं जो लंबे समय से नगर परिषद में किराया जमा करवा रहे हैं और वो मालिकाना हक लेन के लिए भी तैयार हैं।
बाद में डीसी से मिले लोग
पूर्व विधायक ने बताया कि इस मामले को लेकर लोग डीसी मनदीप कौर से भी मिले। उन्होंने डीसी से आग्रह किया कि दुकानदारों को न उजाड़ा जाए। पूर्व विधायक ने बताया कि डीसी ने उन्हें निश्चिंत होकर वापस जाने की बात कही।
3 दुकानदारों को नोटिस दिए गए थे। मैं मौके पर नहीं पहुंचा। हो सकता है अन्य अधिकारी रेलवे रोड पर गए हो। - अश्वनी भारद्वाज, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, चरखी दादरी।
करीब 5-6 घंटे तक हम मौके पर रहे। ये कार्रवाई सरासर गलत है और हमने डीसी मनदीप कौर और मंत्री मूलचंद शर्मा के संज्ञान में भी ये मामला लाया। मंत्री ने दादरी आगमन पर मौका देखने की बात कही है। - राजदीप फौगाट, पूर्व विधायक, चरखी दादरी।