दादरी के नागरिक अस्पताल स्थित ऑपरेशन थियेटर।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिला मुख्यालय पर स्थित नागरिक अस्पताल में मरीजों के ऑपरेशन की सुविधा एक बार फिर पटरी पर आने लगी है। पिछले सप्ताह लगातार चार दिनों तक चिकित्सकों की हड़ताल के चलते ऑपरेशन की सुविधा बाधित हुई थी। हालांकि हड़ताल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी, लेकिन हड्डी, नेत्र व सामान्य रोगों से संबंधित ऑपरेशन नहीं हो सके थे।
गत शुक्रवार को हड़ताल खत्म होने के बाद चिकित्सक दोबारा ड्यूटी पर आ गए थे। उसके बाद से ही ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू हो चुकी है। जिसके चलते मरीजों ने भी राहत की सांस ली है। गत शनिवार को नागरिक अस्पताल स्थित ऑपरेशन थियेटर में तीन ऑपरेशन हुए थे। वहीं सोमवार को यहां 19 ऑपरेशन नसबंदी के तथा आठ अन्य ऑपरेशन किए गए। मंगलवार को नेत्रों से संबंधित कुल नौ ऑपरेशन किए गए।
गौरतलब है कि दादरी के नागरिक अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी के अलावा सामान्य सर्जरी के विशेषज्ञ चिकित्सक भी तैनात हैं। नागरिक अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में पिछले काफी समय से हड्डियों के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। वहीं सामान्य सर्जरी व नेत्रों के ऑपरेशन की सुविधा हाल ही में यहां शुरू की गई है।