चरखी दादरी। जिले के पांच में से तीन खरीद केंद्रों पर बाजरा की आवक हो रही है जबकि दो केंद्रों पर अभी कोई किसान नहीं पहुंचा। दूसरी ओर खरीद और उठान प्रक्रिया भी धीमी चल रही है। तीन केंद्रों पर खरीदे गए बाजरा में से करीब 44 प्रतिशत ही गोदामों तक पहुंच पाया है। मंगलवार को तीनों केंद्रों पर 28,156 क्विंटल बाजरा पहुंचा।
दादरी मंडी में मंगलवार को 525 किसानों ने गेटपास कटवाए और 13,740 क्विंटल बाजरा की आवक हुई। मंडी में शाम तक 16,809 क्विंटल की खरीद की गई। बाढड़ा मंडी में मंगलवार को 343 गेटपास कटे और 7,680 क्विंटल बाजरा की आवक हुई। झोझूकलां खरीद केंद्र पर 294 किसानों ने गेटपास कटवाए जबकि आवक 7,096 क्विंटल की हुई। छपार और बौंदकलां खरीद केंद्र पर कोई किसान नहीं पहुंचा।
तीनों खरीद केंद्रों में 8,943 किसानों ने गेटपास कटवाए हैं। इन सभी केंद्रों पर कुल 2,28,723 क्विंटल बाजरा पहुंचा है और एजेंसी ने इसमें से 1,52,688 क्विंटल की खरीद की है। इसमें से एजेंसी 67,253 क्विंटल बाजरा का उठान करवा चुकी है। फिलहाल 76,000 क्विंटल बाजरा की खरीद और 85,435 क्विंटल की उठान बाकी है।