बाढड़ा। मांढी केहर गांव में चल रही शराब ठेका खोलने की तैयारियों को देखते हुए ग्रामीणों ने बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे 334-बी (दिल्ली-पिलानी) पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक ग्रामीण सड़क पर डटे रहे। बाढड़ा एसएचओ के मौके पर पहुंचकर समझाने के बाद ही उन्होंने जाम खोला। इसके बाद गांव का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम से मिलने पहुंचा और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिये गांव में शराब का ठेका न खोलने देने की मांग की गई। वहीं, ग्रामीणों के सड़क से हटने से पहले मुख्यमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
बता दें कि मांढी केहर में शराब ठेका खोलने की तैयारियां चल रही हैं। इसका निर्माण का काम भी शुरू हो चुका है। दूसरी ओर ग्रामीण ठेका खोलने से खफा है। उनका कहना है कि ठेका खोलने के मामले में उन्हें गुमराह किया गया। जब यहां निर्माण कार्य शुरू हुआ तो उस दौरान बताया गया कि यहां फास्ट फूड की दुकान खोली जाएगी। ग्रामीण रवि, प्रदीप, राकेश रेखा, नीलम, भतेरी, कमलेश, मंजू व सुशीला ने बताया कि उन्हें अब पता चला कि यहां शराब का ठेका खोला जा रहा है।
ग्रामीणों ने बुधवार दोपहर 12 बजे उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाते हुए नेशनल हाईवे 334-बी पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही बाढड़ा सदर थाना प्रभारी संदीप कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों से जाम लगाने का कारण पूछा। ग्रामीणों ने उन्हें पूरे मामले से अवगत करवाया। इसके बाद थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि रोड जाम होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। वो अपनी मांग को शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन के समक्ष रखकर पूरा करवाए। उनकी बात मानते हुए ग्रामीणों ने आधे घंटे बाद साढ़े 12 बजे जाम खोल दिया। इसके बाद ग्रामीण एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह से मिलने बाढड़ा पहुंचे और उन्हें मांगपत्र सौंपा। दूसरी ओर पुलिस टीम मुख्यमार्ग की यातायात व्यवस्था बहाल होने के बाद ही मौके से लौटी।
- ठेका के रास्ते पर है एक स्कूल, छात्राओं का भी आवागमन
सरपंच अशोक, आनंद, मनोज, कमला, भतेरी, कमलेश, मंजू व सुशीला ने बताया कि गांव के बीच में शराब का ठेका खोला जा रहा है। जहां शराब ठेका खोला जा रहा है वहां समीप ही प्राइमरी स्कूल भी है। इसके अलावा काॅलेज जाने वाली छात्राएं भी इसी रास्ते से होकर गुजरती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां शराब का ठेका खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा और छात्राओं का स्कूल व काॅलेज जाना मुश्किल हो जाएगा।
पूरा गांव शराब ठेका खोलने के खिलाफ है। बुधवार को इस संबंध में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा है। हमारी मांग है कि प्रशासन गांव में ठेका न खोलने दे, इससे भाईचारा और सामाजिक ताना-बाना खराब होगा।
अशोक कुमार, सरपंच, मांढी केहर
समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। ठेका खोलने के मामले में गुमराह करने संबंधी कोई शिकायत नहीं आई है। पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीण इस मामले में एसडीएम से भी मिले हैं।
-संदीप कुमार, बाढड़ा थाना प्रभारी
मांढी केहर व हरिया के ग्रामीणों ने शराब का ठेका न खोलने देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। जैसे ही ग्राम पंचायत का प्रस्ताव मिलेगा, प्रशासन आगामी कार्रवाई अमल में लाएगा।
-विरेंद्र सिंह, एसडीएम, बाढड़ा