फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: रक्षाबंधन पर रोडवेज ने बहनों को दी मुफ्त सफर की सौगात, निजी बसों ने वसूला किराया

Sat, 29 Aug 2026 12:44 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
रोडवेज डिपो में बस आने का इंतजार करते यात्रियों की भीड़।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। रक्षाबंधन पर्व पर सरकार की ओर से महिलाओं और 15 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा का लाभ देने के लिए रोडवेज विभाग ने विशेष व्यवस्था की। बहनों को भाइयों तक पहुंचाने के लिए रोडवेज की बसें सुबह 4 बजे से ही सड़कों पर दौड़ती नजर आईं।
विज्ञापन

दूसरी ओर परिवहन समिति के तहत संचालित 61 निजी बसों में यात्रियों से किराया वसूले जाने को लेकर महिलाओं में भारी रोष दिखाई दिया। महिलाओं का कहना था कि जब त्योहार के अवसर पर रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है तो निजी बसों में भी सरकार के निर्देशों के अनुसार राहत मिलनी चाहिए।
रक्षाबंधन के चलते शहर के बस अड्डे पर सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बसों में सीट पाने के लिए महिलाओं और बच्चों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। रोडवेज विभाग ने भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए।
विज्ञापन

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर महिला यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बस अड्डा परिसर में अलग-अलग बूथों पर बसें लगवाई गईं। यात्रियों को बसों के बारे में जानकारी देने और भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए करीब 30 निरीक्षक व परिचालकों की ड्यूटी लगाई गई। इन कर्मचारियों को बसों के संचालन के साथ यात्रियों की व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी दी गई।
अधिकारियों के अनुसार सुबह चार बजे से देर रात तक करीब 25 हजार महिलाओं और बच्चों ने निशुल्क यात्रा का लाभ उठाया। यात्रियों की संख्या को देखते हुए रोहतक, भिवानी, लोहारू व अन्य रूटों पर बसों के 20 से अधिक फेरे बढ़ाए गए, ताकि लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अधिक इंतजार न करना पड़े।
सफाई व्यवस्था पर भी रहा विशेष जोर
त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए बस अड्डे की सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। परिवहन विभाग की ओर से सभी शौचालयों की हर घंटे साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण शौचालयों में गंदगी न फैले, इसके लिए सफाई कर्मचारियों को लगातार निगरानी रखने और नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए।
निजी बसों में किराया वसूली से महिलाओं में रोष
रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा के बावजूद परिवहन समिति की ओर से संचालित 61 बसों में किराया वसूले जाने से कई महिलाएं नाराज नजर आईं। यात्रियों का कहना था कि रक्षाबंधन बहनों और भाइयों के मिलन का पर्व है। ऐसे में सरकार की ओर से महिलाओं और बच्चों को निशुल्क यात्रा की सुविधा देना सराहनीय कदम है लेकिन निजी बसों में किराया वसूले जाने से उन्हें काफी निराशा हुई है। महिलाओं ने मांग की कि भविष्य में त्योहारों के दौरान निशुल्क यात्रा की सुविधा का लाभ निजी बसों में भी उपलब्ध करवाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को भी बिना अतिरिक्त खर्च के अपने भाइयों तक पहुंचने की सुविधा मिल सके।
जानिए...किस रूट पर कितनी बसें चलती हैं
परिवहन विभाग के आंकड़ों अनुसार दादरी से नारनौल के लिए आठ-आठ बसें चलाई जा रही है वहीं दादरी से झज्जर 9 और झज्जर से दादरी 12, रोहतक से दादरी 17 वहीं दादरी से रोहतक के लिए 7 बसों का संचालन हो रहा है। परिवहन समिति की ओर से चलाई गई सभी बसें विभिन्न रूटों पर दो से अधिक चक्कर लगाती है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर विभाग की ओर से पहले ही व्यापक तैयारियां कर ली गई थीं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों के संचालन, बूथ व्यवस्था, कर्मचारियों की तैनाती और सफाई व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।
वर्सन:
हमारे पास परिवहन समिति की बसों में निशुल्क सफर करवाने का कोई पत्र जारी नहीं किया गया है। हमने कई बुजुर्ग महिलाओं को बगैर टिकट के भी सफर करवाया है।मानसिंह, प्रधान, परिवहन समिति बस एसोसिएशन।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें