नहर में सर्च ऑपरेशन के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : CharkhiDadri
पांच दिन पहले मैहड़ा गांव से लापता हुए बुजुर्ग खजान सिंह को नहर में तलाशने का सर्च ऑपरेशन पूरा हो चुका है लेकिन उसका सुराग नहीं लगा है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद झोझूकलां थाना पुलिस का कहना है कि खजान सिंह नहर में नहीं डूबा है और उसके गुमशुदगी मामले की जांच अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर भी की जा रही है।
गौरतलब है कि मैहड़ा गांव निवासी 76 वर्षीय खजान सिंह गत 19 अगस्त की रात से लापता है। उसके कपड़े नहर के समीप मिले थे। परिजनों और ग्रामीणों ने उसके नहर में डूबने का अंदेशा जताया था और खोजबीन में प्रशासन की ढिलाई से खफा होकर गत शनिवार को दादरी-बाढड़ा रोड पर दो घंटे जाम लगाया था। मौके पर झोझूकलां थाना प्रभारी दलबीर सिंह और तहसीलदार अजय सैनी पहुंचे थे। इसके बाद प्रशासन ने फतेहाबाद से दो गोताखोरों को बुलवाकर नहर में खजान सिंह की तलाश शुरू की थी। झोझूकलां थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि दो दिन सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद भी खजान सिंह का शव नहर में नहीं मिला। उन्होंने बताया कि पीछे से पानी बंद करवाकर नहर को भी खाली करवाया गया था। उन्होंने कहा कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद यह कहा जा सकता है कि खजान सिंह नहर में नहीं डूबा।