चरखी दादरी में आयोजित समाधान शिविर में फरियादी की समस्या सुनते एसडीएम नवीन कुमार और सीटीएम आशी
चरखी दादरी। समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित नागरिक को भी दी जाए। ताकि, उन्हें बार-बार शिविर में न आना पड़े। साथ ही सभी शिकायतों का तत्परता से निवारण सुनिश्चित किया जाए। बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम नवीन कुमार ने ये निर्देश दिए। उनके साथ सीटीएम आशीष सांगवान भी मौजूद रहे।
उन्होंने समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ मौके पर समाधान करते हुए नागरिकों को राहत पहुंचाई। कुछ समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समस्या पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित नागरिक को भी दी जाए। ताकि, उनको दोबारा शिविर में आने की मशक्कत न करनी पड़े।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में ये शिविर कारगर साबित हो रहें हैं। प्रदेश सरकार की ओर से समाधान प्रकोष्ठ का भी गठन किया गया है। इसका उद्देश्य शिकायत निवारण प्रक्रिया को व्यवस्थित करना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। प्रत्येक शिकायत का शिकायतकर्ता की पीपीपी आईडी, संबंधित विभाग और शिकायत के विवरण के साथ दस्तावेजीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने जिले के नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार के निर्देशों पर जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक कार्य दिवस में आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक लिखित शिकायत लेकर आएं। उनकी शिकायतों पर तत्परता से संज्ञान लिया जाएगा।