बाजरा खरीद बंद होने पर खाली पड़ा बौंदकलां केंद्र।
- फोटो : CharkhiDadri
सरकारी बाजरा खरीद केंद्र पर 35 दिनों में 481 किसानों के 10 हजार 954 क्विंटल बाजरे की खरीद हैफेड एजेंसी द्वारा की गई है। काफी संख्या में किसान सरकारी रेट पर बाजरा बेचने से वंचित रह गए। अब खरीद कार्य बंद कर दिया गया है।
बौंदकलां में एक अक्तूबर से बाजरे की खरीद शुरू की गई थी। चार नवंबर तक 35 दिनों में खरीद एजेंसी हैफेड द्वारा 481 किसानों से 10 हजार 954 क्विंटल बाजरा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है।
क्षेत्र के किसान रामप्रसाद, करतार, रविंद्र, राजेश, विष्णु, बिजेंद्र, पूजा, जगबीर, शमशेर, चेतन, निर्मला, सोमबीर और राजेंद्र आदि ने कहा कि उन्हें टोकन नहीं मिलने से उनका बाजरा नहीं बिक सका। अब खरीद बंद होने पर इन किसानों को बाजरा न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम रेट पर बेचना पड़ रहा है। खरीद एजेंसी हैफेड के निरीक्षक जोनी ने बताया कि बौंदकलां खरीद केंद्र में चार नवंबर तक 481 टोकन जारी किए और 10 हजार 954 क्विंटल बाजरा खरीदा गया है। उठान का काम भी पूरा हो चुका है।