43 हजार में से 16,755 हैप्पी कार्ड अभी रखे हैं बस स्टैंड परिसर में, फोन कर सूचना देने के बाद भी लेने नहीं आ रहे पात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। रोडवेज बस में एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा का लाभ देने के लिए शुरू की गई हैप्पी कार्ड योजना का लाभ उठाने में पात्र रुचि नहीं ले रहे हैं। जिले के 53 हजार पात्रों में से अब भी 16,755 के हैप्पी कार्ड बस स्टैंड परिसर में रखे हैं। फोन पर सूचना देने के बाद भी पात्र कार्ड लेने नहीं पहुंच रहे हैं। वहीं, वितरण कार्य में तेजी लाने के लिए 50 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
बता दें कि परिवहन विभाग कार्ड वितरण के लिए शनिवार और रविवार को भी विशेष काउंटर खोलकर हैप्पी कार्ड दे रहा है। जिले में हैप्पी कार्ड योजना का लाभ लेने के लिए लगभग 43,000 लोगों ने आवेदन किया गया था। लेकिन, कार्ड बनने के बाद आवेदनकर्ता योजना का लाभ लेने के लिए दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
वहीं, परिवहन विभाग के कर्मचारी प्रतिदिन 5,000 आवेदनकर्ताओं के पास फोन कर उन्हें हैप्पी कार्ड संबंधी सुविधाओंं से अवगत करवा रहे हैं। ताकि, अधिक से अधिक लोगों को एक हजार किलोमीटर तक बस में निशुल्क सफर करने का मौका मिल सके।
- 26 हजार पात्र ले चुके हैं कार्ड
बस स्टैंड परिसर में 42,755 आवेदनर्ताओं के हैप्पी कार्ड बनकर पहुंच चुके हैं। जागरूकता के अभाव में पात्र लोग योजना का लाभ लेने में कम रुचि दिखा रहे हैं। अब तक की स्थिति देखें तो 26 हजार पात्र अपने हैप्पी कार्ड प्राप्त कर चुके हैं। 16,755 के हैप्पी कार्ड तैयार हैं। लेकिन, वे इन्हें प्राप्त करने नहीं पहुंचे हैं।
वर्सन :
हमारे कर्मचारी अधिक से अधिक लोगों को हैप्पी कार्ड योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। लोगों को योजना की जानकारी देने के लिए 50 अतिरिक्त कर्मचारी भी लगा दिए हैं। वहीं, कर्मचारी शनिवार व रविवार को अवकाश के दिन भी कार्ड वितरण कर रहे हैं।
-नवीन शर्मा, महाप्रबंधक, दादरी रोडवेज डिपो
फोटो : 15
रविवार को हैप्पी कार्ड लेने पहुंचे लोग। संवाद
फोटो: 16
कार्ड पर लिखे गए आवेदकों के नंबर पर फोन करते कर्मचारी। संवाद