संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के गांव बलाली निवासी नेहा सांगवान ने वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। पहलवान नेहा ने चार पहलवानों को पटकनी दी। अंतिम तीन बाउट में एकतरफा जीत हासिल कर देश को स्वर्णिम उपलब्धि दिलाई।
पिता अमित कुमार व कुश्ती कोच सज्जन सिंह ने बताया कि 29 व 30 जून को मंगोलिया के उलनबटोर में सीनियर आयुवर्ग की वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज आयोजित की गई। इसमें विभिन्न देशों के पहलवानों ने शिरकत की। दादरी जिले से नेहा ने देश का प्रतिनिधित्व किया। नेहा ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में अपनी चुनौती पेश की।
स्पर्धा में नेहा ने चार पहलवानों से टक्कर ली। इसमें पहली बाउट में नेहा का स्कोर 7 और प्रतिद्वंद्वी का स्कोर 4 रहा। इसमें जीत हासिल कर नेहा दूसरे राउंड में पहुंचीं। दूसरी बाउट में नेहा की स्वर्णिम जीत शुरू हुई। 11-0 के स्कोर से एकतरफा उन्होंने जीत हासिल की और सेमीफाइनल में स्थान बनाया।
इसके बाद सेमीफाइनल में 6-0 और फाइनल में 4-0 के स्कोर से जीत हासिल कर नेहा ने चैंपियनशिप अपने नाम की। इसके बाद रेफरी ने नेहा को विजेता घोषित किया। अंत में आयोजक कमेटी ने स्वर्ण व गुलदस्ता भेंटकर नेहा को सम्मानित किया।
नेहा की इस उपलब्धि पर कोच सज्जन सिंह, देवेंद्र सनसनवाल, पहलवान कृष्ण सिंह व अन्य लोगाें ने बधाई दी है।
नेहा जिले की उभरती महिला पहलवान हैं। वह खानपुर खुर्द स्थित कृष्ण अखाड़ा में कुश्ती का अभ्यास करती हैं। इसी वर्ष नेहा ने कक्षा 12वीं पास की और मेडिकल संकाय में 78.6 फीसदी अंक हासिल किए हैं।
अब तक नेहा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 15 पदक जीत चुकी हैं। अब यह एक और उपलब्धि नेहा के खेल कॅरिअर में जुड़ गई। नेहा की इस उपलब्धि पर घर में खुशी का माहौल है। नेहा फिलहाल, भारत वापसी कर रही हैं। सोमवार तक घर पहुंच जाएंगी।