चरखी दादरी के गांव नौरंगाबास जाटान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम म
चरखी दादरी। नेहरु युवा केंद्र एवं ग्रामीण विकास मंडल की ओर से राष्ट्रीय युवा सप्ताह के दौरान गांव नौरंगाबास जाटान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का शिविर आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीण विकास मंडल सचिव सुनील कुमार ने मंगलवार को विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि चरित्रवान युवा ही देश का भविष्य है। किसी भी राष्ट्र की उन्नति तब तक नहीं हो सकती जब तक युवाओं द्वारा सकारात्मक योगदान न दिया जाए।
उन्हाेंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए आगे आएं। विश्व में महापुरुषों ने भी अपने विचारों में युवा वर्ग को रचनात्मक कार्य करने व नकारात्मक पथ से दूर रहने का आह्वान किया है। जिला योगासन एवं स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जिला सचिव सुरेंद्र आर्य ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त जीवन जीने की कला बताई।
उन्हाेंने कहा कि नशा नाश की जड़ है। अगर हमें भारत देश को विश्व गुरु बनाना है तो हर प्रकार के नशों से दूर रहना होगा। समाज के प्रत्येक नागरिक को इस विषय में जागरूक करने के लिए कार्य करना होगा। जब व्यसन मुक्त समाज व देश होगा तो भारत एक बार फिर विश्व गुरु बनेगा। इस दौरान प्राचार्य सहीराम यादव, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रवक्ता सुरेश, केशव, सुनील, अशोक, विजय, इंद्रपाल, असल, शमशेर अनूप शास्त्री, नंदकिशोर व मनोज आदि उपस्थित रहे।