चरखी दादरी। दादरी जिला में ओवरलोडिंग रोकने के लिए आरटीए टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले एक साल की बात करें तो 3805 ओवरलोड वाहन पकड़े गए हैं। इन पर 13.11 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस समय चरखी दादरी जिले में ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने की शक्ति सात जिलों के अधिकारियों के पास है और इन अधिकारियों से डीसी मनदीप कौर नियमित अपडेट ले रही हैं।
जिले में बेलगाम दौड़ रहे ओवरलोडिंग वाहनों पर लगाम कसने के लिए आरटीए विभाग की टीम कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर रही है। विभाग के कड़ी कार्रवाई के बाद ओवरलोड माफिया ने अब ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरना शुरू कर दिया है। ऐसे में इनके आबादी क्षेत्र से गुजरने के कारण हादसों में इजाफा होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। हालांकि वर्ष 2023 में जनवरी से दिसंबर तक आरटीए टीम ने पिछले साल 3805 ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई कर सरकार को 13 करोड़ से अधिक का राजस्व जुर्माना से रूप में दिलाया।
रात के समय रिहायशी क्षेत्र से गुजर रहे ओवरलोड डंपर
अहम बात ये है कि रात के समय ओवरलोड डंपर शहर के रिहायशी गामड़ी क्षेत्र से गुजरने लगे हैं। इनके आवागमन से सीवर मैनहोल के ढक्कन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से गामड़ी क्षेत्र से भारी वाहनों का आवागमन बंद करवाने की मांग की है।
जनवरी में सबसे अधिक तो अप्रैल में सबसे कम हुए चालान
आरटीए टीम ने जनवरी 2023 के दौरान कुल 618 वाहनों को क्षमता से अधिक भार ले जाते हुए पकड़ा। विभाग की टीमों ने इन वाहनों पर
1,89,57,500 रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, अप्रैल माह में सबसे कम 69 वाहनों के चालान किए गए। इस माह विभाग और सरकार को सबसे कम 35,88, 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
जानिये... किस माह पकड़े कितने ओवरलोड वाहन और कितना वसूला जुर्माना
माह चालान संख्या इतने रुपये का जुर्माना
जनवरी 618 18957500
फरवरी 224 6758100
मार्च 192 7582500
अप्रैल 69 3588500
मई 335 18611100
जून 305 11475600
जुलाई 337 11518900
अगस्त 517 14688700
सितंबर 427 13505500
अक्तूबर 353 12711500
नवंबर 280 6465000
दिसंबर 148 5257000
टीमें लगातार ओवलोडिंग वाहनों पर अंकुश लगाने का प्रयास करती हैं। गत एक साल के दौरान 3805 ओवरलोड वाहन पकड़कर 13 करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।
दर्शना भारद्वाज, आरटीए, चरखी दादरी
सरकार ने ओवरलोडिंग रोकने के लिए जिले में छह अन्य जिलों के आरटीए को भी तैनात किया हुआ है। उनकी क्रमवार ड्यूटी लगाई गई है जबकि दादरी आरटीए भी ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई कर रही है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दो अधिकारियों के खिलाफ परिवहन आयुक्त को लिखा गया था और उसके बाद टीमें चालान कर रही हैं।
मनदीप कौर, डीसी, चरखी दादरी