चरखी दादरी। नगर परिषद में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी की बुधवार सुबह अचानक पेट में तेज दर्द उठने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
शहर के वाल्मीकि नगर निवासी करीब 27 वर्षीय विनोद नगर परिषद में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। मृतक के पिता तिलक राज ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बुधवार सुबह करीब छह बजे विनोद के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हो गया। इसके बाद उसे एक निजी चिकित्सक के पास ले जाकर इंजेक्शन लगवाया गया और वापस घर ले आए। कुछ देर बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई और दर्द बढ़ने पर उसे तुरंत दादरी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद विनोद को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर दादरी सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवाया।
दादरी सिटी थाना में तैनात जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। परिजनों के अनुसार विनोद अविवाहित था।