चरखी दादरी। हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप में हरियाणा की जूनियर बालिका रग्बी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की शीर्ष-10 टीमों में जगह बनाई है। दादरी निवासी कोच राजेश तक्षक ने बताया कि पिछले वर्ष हरियाणा की टीम 17वें स्थान पर रही थी लेकिन इस बार खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन और कड़े अभ्यास के दम पर टीम ने 10वीं रैंक हासिल कर सात स्थानों की उल्लेखनीय छलांग लगाई।
लीग चरण के पहले मुकाबले में हरियाणा ने दमन एवं दीव को 15-0 से हराकर जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। दूसरे मुकाबले में पूर्व रजत पदक विजेता ओडिशा के खिलाफ टीम को 0-43 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद हरियाणा ने नॉकआउट चरण में जगह बनाई। नॉकआउट में एक बार फिर ओडिशा से सामना हुआ जहां टीम 0-25 से पराजित हुई। इसके बाद खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए झारखंड को 15-0 और केरल को 12-5 से हराया। नौवें स्थान के मुकाबले में गुजरात के खिलाफ हरियाणा ने अंतिम क्षण तक कड़ा संघर्ष किया लेकिन 0-5 से हारकर टीम 10वें स्थान पर रही।
कोच राजेश तक्षक ने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा ने कुल छह मुकाबले खेले जिनमें तीन में जीत और तीन में हार मिली। टीम ने दमन एवं दीव, झारखंड और केरल को हराया जबकि दोनों बार ओडिशा और एक बार गुजरात से हार का सामना करना पड़ा। चैंपियनशिप में ओडिशा ने स्वर्ण, महाराष्ट्र ने रजत और बिहार ने कांस्य पदक जीता।
हरियाणा टीम में अंजली, रिद्धिमा, ऋतु, सुप्रिया, राधिका, मनु, सुहाना, रूबी देवी, कनिका, खुशबू, निधि और अंकेत शामिल रहीं। टीम की कोच भामिनी पांडेय और टीम मैनेजर राजेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। राजेश तक्षक ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के दौरान कराई गई कड़ी फिटनेस और तकनीकी तैयारी का लाभ खिलाड़ियों को मिला और पूरी प्रतियोगिता में कोई भी खिलाड़ी चोटिल नहीं हुआ।
हरियाणा रग्बी के वरिष्ठ पदाधिकारी नरेंद्र मोर ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में सात स्थान का सुधार खिलाड़ियों की मेहनत, कोचिंग स्टाफ के समर्पण और सुनियोजित प्रशिक्षण का परिणाम है। वहीं चरखी दादरी रग्बी संघ के चेयरमैन जयनारायण प्रेमी सहित अन्य पदाधिकारियों ने टीम की उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।