चरखी दादरी। शहर के रोज गार्डन में बुधवार रात नगर परिषद कर्मचारियों के ही कर्मचारियों ने उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद दो पक्षों में एसोसिएशन चुनाव पर चर्चा हुई, जो विवाद में बदल गई। ड्यूटी पर तैनात चौकीदार कर्म का आरोप है दो अन्य सफाई कर्मचारियों ने खिड़कियों के कांच पत्थर मारकर तोड़ दिए। फिलहाल, मामले की शिकायत बस स्टैंड पुलिस चौकी में दी गई है।
वीरवार सुबह चेयरमैन बक्शीराम सैनी, ईओ राजेश वर्मा और सीएसआई राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। चेयरमैन ने बस स्टैंड चौकी पुलिस टीम को घटनास्थल पर बुलाया और लिखित शिकायत भी दिलाई। चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने बताया कि वीरवार सुबह पार्षद प्रतिनिधि कुलदीप गांधी ने उन्हें सूचना दी थी कि रोज गार्डन में रात को कर्मचारियों ने पहले शराब पी और उसके बाद उनके बीच झगड़ा हो गया। इसमें पत्थर भी चले। इस दौरान दो कमरों की 5 खिड़कियों के कांच, बेंच और पंखा टूट गया।
विज्ञापन
इसके बाद करीब 9:15 बजे वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचित किया और करीब पौने दस बजे बस स्टैंड चौकी से हेड कांस्टेबल अजीत की अगुवाई में टीम रोज गार्डन पहुंच गई। वहां रात को तैनात चौकीदार कर्म को बुलाकर पूछताछ की गई।
उसने बताया कि सूरज और चंद्रभान उर्फ नीनू ने शराब पीकर रात को पत्थर मारकर खिड़कियों के कांच तोड़ दिए। उनकी एसोसिएशन चुनाव के संबंध में बातचीत हो रही थी। उसकी बात पर खफा होकर उन्होंने वारदात की। वहीं, पुलिस ने जांच अधिकारी ने घटनास्थल देखा और साक्ष्य एकत्र किए।