चरखी दादरी। ओवरलोड की समस्या के समाधान के लिए बिजली निगम जल्द ही शहर में 15 नए ट्रांसफार्मर लगाएगा। 31 मार्च से पहले यह कार्य पूरा हो जाएगा और इसके लिए जगह चिह्नित सर्वे के आधार पर की जाएगी। अगले सप्ताह बिजली निगम की ओर से सर्वे किया जाएगा और इसके बाद उन जगहों पर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे जहां ओवरलोड की समस्या बनी है। ओवरलोड की समस्या से करीब 32 हजार उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने से शहर में उपभोक्ताओं को लोड की वजह से लगने वाले फॉल्ट से छुटकारा मिलेगा। वहीं, बिजली फॉल्ट कम होंगे और आपूर्ति भी नियमित हो सकेगी। शहर में इस समय 12 फीडर हैं और दो पावर सब स्टेशन के जरिये बिजली आपूर्ति की जाती है। इस समय काफी ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। जिसकी वजह से बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। इतना ही नहीं फॉल्ट आने पर इन्हें ठीक करने में भी निगम कर्मचारियों को बेहद परेशानी आती है।
आने वाले गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली निगम ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के विभिन्न भागों में कई जगह कम वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। सुबह-शाम के समय कम वोल्टेज की ज्यादा समस्या बनी रहती है इसका प्रतिकूल असर शहर की पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ता है।
- जिला बनने के बाद लगातार बढ़ रही खपत
दो पावर सब स्टेशन के जरिये पूरे शहर में बिजली आपूर्ति की जाती है। रेलवे रोड व चरखी पावर सब स्टेशन से शहर में बिजली आपूर्ति होती है। रेलवे रोड पावर सब स्टेशन की क्षमता 32 एमवीए है। शहर में बिजली की खपत हर साल बढ़ती जा रही है। जिला बनने के बाद बिजली की खपत ज्यादा बढ़ने लगी है।
100 और 200 केवीए के लगेंगे ट्रांसफार्मर
बिजली निगम की योजना अनुसार 100 केवीए की जगह 200 केवीए के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसी प्रकार 63 केवीए की जगह 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगेंगे। जिस प्वाइंट पर ट्रांसफार्मर ओवरलोड मिलेंगे उनकी सूची तैयार की जाएगी और इसके बाद लोड अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह चिह्नित की जाएगी। बस स्टैंड रोड, मेन बाजार, लोहारू रोड, घिकाड़ा रोड क्षेत्र, दिल्ली रोड क्षेत्र, हीरा चौक सहित विभिन्न भागों में नए ट्रांसफार्मर लगाने की योजना है।
31 मार्च तक काम पूरा करने की योजना है। आने वाले गर्मी सीजन में उपभोक्ताओं के समक्ष बिजली संकट नहीं रहने दिया जाएगा। शहर के विभिन्न भागों में 15 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके लिए काम तेजी से पूरा किया जाएगा।
-होशियार सिंह, एसडीओ, बिजली निगम