पेज नंबर चार की संभावित लीड:
चरखी दादरी। दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा की तारीख तय होने के बाद जिला शिक्षा विभाग भी नकल रहित परीक्षा संपन्न कराने की तैयारी में जुटा हुआ है। बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर जिले में सात केंद्र निजी स्कूलों में और 28 राजकीय स्कूलों में बनाए गए हैं। इस साल 35 केंद्रों पर 7494 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। दसवीं की परीक्षा में 3455 विद्यार्थी और बारहवीं की परीक्षा में 4039 विद्यार्थी प्रविष्ट होंगे।
शिक्षा विभाग इस समय राजकीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी कराने के साथ उन्हें नकलरहित परीक्षा देने के लिए प्रेरित करने में जुटा है। इस दिशा में विद्यालयों के प्राचार्य अपने-अपने स्तर पर प्रयासरत हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फौगाट ने बताया कि इस बार प्रयास रहेगा कि दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में जिला का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहे।
उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्वक और नकल रहित कराना प्राथमिकता है और इसके लिए जिले में 35 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में अपने दम पर सफल होने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया जा रहा है। सभी स्कूल मुखियाओं को व्यक्तिगत तौर पर इन परीक्षाओं की तैयारियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उपायुक्त प्रीति के भी निर्देश दिए है कि परीक्षाओं की तैयारी में विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सबल बनाया जाए।
- स्कूलों में चल रहे प्री-बोर्ड एग्जाम
कृष्णा फौगाट ने बताया कि वार्षिक परीक्षा से पहले 28 जनवरी से प्रीबोर्ड एग्जाम की शुरूआत हो चुकी है। प्री बोर्ड एग्जाम के जरिये विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा की तैयारी में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों में ये परीक्षाएं ली जा रही हैं।
- सक्रिय रहेंगे उड़नदस्ते, ड्यूटी स्टाफ भी रहेगी नजर
परीक्षा में जिला प्रशासन और बोर्ड उड़नदस्ते सक्रिय रहेंगे। गत दो सालों से परीक्षा के दौरान नकल कराने में ड्यूटी स्टाफ की मिलीभगत भी सामने आ रही है। उक्त केंद्र पर तैनात शिक्षक ही इस कार्यशैली पर सवाल उठा चुके हैं। ऐसे में इस बार ड्यूटी स्टाफ पर भी विशेष नजर रहेगी।
वर्जन:: नकलरहित और शांतिपूर्वक बोर्ड परीक्षाएं कराना हमारी प्राथमिकता है। जिले में करीब 7500 विद्यार्थी दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षा देंगे। परीक्षाओं के मद्देनजर प्री-बोर्ड एग्जाम कंडक्ट किए जा रहे हैं।
-कृष्णा फौगाट, जिला शिक्षा अधिकारी