चरखी दादरी। शहर की नई अनाज मंडी में पिछले दो दिनों से गेहूं और पिछले छह दिनों से सरसों की केवल आवक हो रही है लेकिन सरकारी खरीद शुरू नहीं हो पाई है। इससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है और उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। दादरी की नई अनाज मंडी में अभी तक हैंडलिंग एजेंट की नियुक्ति नहीं हो पाई है जिसके कारण खरीद प्रक्रिया पूरी तरह से प्रभावित हो रही है।
59 किसानों से हुई 3763 क्विंटल गेहूं की आवक
वीरवार को गेहूं की आवक केवल दादरी मंडी में दर्ज की गई जहां 69 किसान अपनी 3763 क्विंटल गेहूं की फसल लेकर पहुंचे। वहीं सरसों की सरकारी खरीद के लिए भी किसान मंडियों में पहुंचे। दादरी मंडी में 17 किसान 3829 क्विंटल सरसों लेकर पहुंचे, जबकि झोझू की मंडी में 15 किसान 893 क्विंटल सरसों लेकर पहुंचे।
114 किसानों ने निजी फर्म को बेची सरसों
सरसों की निजी खरीद निरंतर जारी रही। वीरवार को 114 किसानों से 2,862 क्विंटल सरसों की खरीद निजी स्तर पर की गई जिससे कुछ किसानों को राहत जरूर मिली लेकिन अधिकांश किसान अभी भी निजी बिक्री कर रहे हैं। क्याेंकि निजी फर्म प्रति क्विंटल 6700 रुपये तक का भाव दे रहे हैं।
बाढड़ा में नहीं पहुंचा बारदाना
बाढड़ा की अनाज मंडी में वीरवार तक सात किसानों को गेट पास जारी किए गए। 275 क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज की गई। अब तक गेहूं की सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है। आढ़ती मंजीत नांधा, अनिल, योगेश, सुभाष, अशोक, नवीन, करपाल, कृष्ण आदि ने बताया कि अब तक मंडी में बारदाना नहीं पहुंचा है। बारिश के कारण गेहूं में नमी बनी हुई है, इसलिए किसानों को नियमों में थोड़ी राहत दी जाए ताकि किसान समय पर अनाज बेच सकें।
वर्सन :
मंडी में किसान बिना किसी परेशानी के फसल लेकर आ रहे है। अभी हैंडलिंग एजेंट की नियुक्ति नहीं हो पाई है, इसलिए सरकारी खरीद नहीं हुई है। एक दो दिन में खरीद शुरू हो जाएगी। - विजय कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी।