फोटो 24
शनिवार को रोष जताते किष्किंधा के ग्रामीण। संवाद
फोटो 25
बारिश के मौसम में बदहाल पड़ा नहर का रास्ता। संवाद
- रास्ते का निर्माण न होने से खफा किष्किंधा के ग्रामीणों ने शनिवार को जताया रोष, सोमवार को विभाग व डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कादमा। ग्राम पंचायत की तीन योजनाएं बीत चुकी हैं, लेकिन, किष्किंधा में खेतों में जाने वाला रास्ता पक्का नहीं हुआ है। इसके चलते ग्रामीणों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने शनिवार को नारेबाजी कर रोष जताया और ग्राम पंचायत, पंचायत विभाग व जिला प्रशासन से समस्या का समाधान कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कुछ लोगों ने रास्ते पर कब्जा कर फसल बोई हुई है। वहीं, रास्ता न होने के कारण स्कूली बसें विद्यार्थियों को लेने नहीं पहुंच पा रही हैं। वहीं, लोगों को भी मजबूरी में नहर के रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। नहर का रास्ता पानी और कीचड़ से भरा हुआ है। इससे रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर जाने के लिए भी यही रास्ता इस्तेमाल होता है। इसकी हालत सही नहीं है। पंचायत विभाग की ओर से इस रास्ते की दो बार पैमाइश की जा चुकी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द रास्ता नहीं बनाया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
इस संबंध में सोमवार को ग्रामीण पंचायत विभाग व डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपेंगे। ग्रामीण जलधीर, सोमवीर, चंद्रपाल, अजीत, जोगेंद्र व कुलदीप समेत अन्य ग्रामीणों ने समस्या के समाधान की मांग की है।
वर्सन
विभाग और विधायक को समस्या से करीब 11 माह पहले अवगत करवा चुके हैं। ग्रांट न आने से डेढ़ किलोमीटर में निर्माण अटका हुआ है।
-सुनील कुमारी, सरपंच, किष्किंधा