मुख्यमंत्री मनोहर लाल की वर्चुअल उपस्थिति में भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह ने शनिवार को दादरी के लिए छह विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। करीब 26 करोड़ लागत की इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलेगी। वीडियो कांफ्रेंस के जरिये चंडीगढ़ से मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 22 जिलों में 1411 करोड़ की लागत से 163 नई विकास योजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया।
लघु सचिवालय में आयोजित समारोह में सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को 14.3 करोड़ की राशि से दादरी लोकनिर्माण विभाग के नए विश्रामगृह, 3.50 करोड़ की लागत से निर्वाचन विभाग के ईवीएम स्टोर, मार्केटिंग बोर्ड द्वारा गांव सारंगपुर से छपार तक 1.92 करोड़ की राशि से बनाए लिंक रोड का शुभारंभ किया गया है। इसके अलावा तीन करोड़ की लागत से कस्बा कादमा में तीन बूथ के बस स्टैंड, 1.90 करोड़ से गांव छपार से रामपुरा तक बनने वाली सड़क और 1.22 करोड़ की लागत से गांव कारी धारणी से भांडवा तक बनाई जाने वाली सड़क का शिलान्यास किया गया।
सांसद ने कहा कि सरकार के वर्ष 2021-22 के प्रस्तावित बजट में बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा आदि के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इनका लाभ आने वाले समय में प्रदेश की जनता का मिलेगा। सांसद ने कहा कि कोरोना की आहट फिर से आनी शुरू हो गई है। इसलिए सभी लोग कोविड हिदायतों का पालन करें। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र परमार, जजपा जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका, नगर परिषद चेयरमेन संजय छपारिया, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल, एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह, रोडवेज महाप्रबंधक रविश हुड्डा, निर्वाचन तहसीलदार राजेंद्र सिंह, मार्केटिंग बोर्ड के जिला प्रबंधक श्यामसुंदर बंसल, उपपुलिस अधीक्षक रामसिंह बिश्रोई, लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सोमवीर दहिया, राजेश सांगवान, डॉ. राजेश शर्मा, डॉ. संजय गुप्ता, सीआईडी निरीक्षक प्रदीप कुमार आदि समारोह में मौजूद थे।