चरखी दादरी। क्षेत्र में दो दिन से पश्चिमी हवा चलने से दिन का तापमान बढ़ा है। दिन के समय तेज धूप खिल रही है। अधिकतम तापमान 38 व न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटी रही। वातावरण में नमी की मात्रा 47 प्रतिशत रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि बुधवार को हरियाणा व एनसीआर दिल्ली से मानसून की विदाई हो गई है। डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन बना हुआ है जिसकी वजह से पश्चिमी हवाएं चलने लगी हैं जो लगातार वातावरण से नमी को सोख रही हैं। इस साल मानसून की वापसी देरी से हुई है। उन्होंने बताया कि इस बार मानसून सामान्य से पांच प्रतिशत कम रहा। चंद्रमोहन ने बताया कि अक्तूबर माह मेंं पांच से छह पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने होंगे जिससे आने वाले कुछ दिनों में हल्की बारिश एवं बूंदाबांदी देखने को मिलेगी।
उन्होंने बताया कि चार, नौ और उसके 15 अक्तूबर को एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कहीं-कहीं हल्की बारिश एवं बूंदाबांदी होने का अनुमान है। इस दौरान उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर हल्की बर्फबारी की संभावनाएं बन रही है।