चरखी दादरी/बौंदकलां। उण शराब ठेके पर आग लगाने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेजा गया।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि बौंदकलां निवासी नरेश ने बौंदकलां थाना पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि बौंदकलां सर्कल में उनके शराब के सात ठेके हैं। इनमें उण गांव का ठेका भी शामिल है। गांव उण के ठेके पर 28 फरवरी की रात गांव निवासी सेल्समैन दलबीर मौजूद थे। उस समय पिलाना निवासी ठेका साझीदार सतबीर भी कैश लेने मौके पर आए थे।
उसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश वहां आए। एक के हाथ में पेट्रोल की बोतल और दूसरे के हाथ में डंडा था। बाइक सवारों ने खिड़की से हाथ डालकर दलबीर और सतबीर पर पेट्रोल डाल दिया और लाइटर से आग लगा दी। इन दोनों ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई लेकिन ठेके पर रखा सामान जल गया। घटना में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हो गया।
नरेश की शिकायत पर बौंदकलां थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। सहायक उप निरीक्षक अजीत सिंह की टीम ने आठ मार्च को अभियोग में प्रभावी कार्रवाई कर एक नाबालिग आरोपी को झज्जर जिले के दुबलध-माजरा बस स्टैंड से काबू कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेजा गया है।