जिले में बाजरा खरीद प्रक्रिया एक माह से अधिक समय बीतने पर भी धीमी चल रही है। खरीद के अलावा भुगतान और उठान प्रक्रिया को भी गति देने की आवश्यकता है। अगर अब तक के खरीद के आंकड़ों की बात करें तो एक दिन में अधिकतम 20 हजार क्विंटल तक बाजरा खरीद की जा रही है। जिले के करीब दस हजार किसान अभी भी बाजरा बेचने से वंचित हैं। खरीद केंद्रों पर एक लाख 80 हजार क्विंटल बाजरा का अभी उठान बाकी है।
शुरूआत से ही जिले के सभी खरीद केंद्रों पर बाजरा खरीद प्रक्रिया सुस्त चल रही है। शुरूआत में महज 50 से 60 ही किसान मंडी बुलाए गए। पंद्रह दिन बाद भी 100 से अधिक किसानों को खरीद केंद्र बुलाया गया। अब एक दिन में दादरी मंडी में 400 से अधिक किसान बुलाए जा रहे हैं। अब तक दस केंद्रों पर हुई खरीद की अगर बात करें तो 45 प्रतिशत खरीद दादरी मंडी में हुई है। जिले में अब तक पांच लाख 22 हजार क्विंटल बाजरा खरीदा जा चुका है जिसमें से तीन लाख पचास हजार क्विंटल का उठान हो चुका है जबकि करीब एक लाख 80 हजार क्विंटल बाजरा बकाया है। अभी जिले के दस हजार किसानों ने बाजरा नहीं बेचा है।
बाजरा बेचने वाले किसानों ने भुगतान प्रक्रिया ढीली होने पर रोष जताया है। किसान रामसिंह, सुभाष, नरेंद्र, मनोज, मुखत्यार, सुभाष, धर्मबीर और हरज्ञान सिंह ने बताया कि उन्होंने दस दिन पहले बाजरा बेचा था लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ है। वहीं, खरीद एजेंसी अधिकारियों के अनुसार करीब 50 करोड़ की भुगतान राशि किसानों के खातों में डाली जा चुकी है और जल्द ही बाकी राशि का भुुगतान भी कर दिया जाएगा।
17674 किसान अब तक बेच चुके बाजरा
जिले में एमएसपी पर बाजरा बेचने के लिए करीब 28 हजार किसानों ने अपना पंजीकरण करवाया था। रविवार तक 17674 किसानों ने अपना बाजरा बेचा है जबकि दस हजार से अधिक अभी वंचित हैं। दादरी मंडी में अब तक 6559 किसानों ने अपना बाजरा बेचा है। बाढड़ा में 2768 किसानों ने, बौंदकलां में 472 किसानों ने, झोझूकलां में 2319 किसानों ने, कादमा में 2029 किसानों ने, रानीला में 1023 किसानों ने, अटेला खुर्द में 1488 किसानों ने और दगड़ोली खरीद केंद्र पर 1019 किसानों ने बाजरा बेचा है।
ये है केंद्रों पर हुई खरीद और उठान की स्थिति
दादरी मंडी में अब तक दो लाख 29 हजार क्विंटल बाजरा खरीदा गया जबकि एक लाख 17 हजार क्विंटल का उठान हुआ। बाढड़ा में 79 हजार क्विंटल की खरीद और 50 हजार क्विंटल का उठान हुआ। बौंदकलां में 11 हजार क्विंटल की खरीद हुई और अब तक खरीदा गया सारा बाजरा गोदामों में पहुंचाया जा चुका है। झोझूकलां में साढ़े 70 हजार क्विंटल की खरीद हुई और 34 हजार क्विंटल का उठान हुआ। कादमा में 60 हजार क्विंटल खरीद हुई जबकि 40 हजार क्विंटल का उठान हुआ। रानीला में साढ़े 22 हजार क्विंटल की खरीद और 20 हजार क्विंटल का उठान हो चुका है। अटेला खुर्द में 44 हजार क्विंटल की खरीद हुई और 42 हजार क्विंटल का उठान हो चुका है।
गेटपास हेड ऑफिस से ही जारी किए जाते हैं। उठान और भुगतान प्रक्रिया हमने तेज कर दी है। रविवार को सभी केंद्रों से बाजरा का उठान करवाया गया। भुगतान से वंचित किसानों के खातों में जल्द राशि डाल दी जाएगी। -विरेंद्र सिंह, परचेज मैनेजर, हैफेड।