बीडीपीओ कार्यालय में विकास संबंधी समस्याओं पर चर्चा करते हुए सरपंच ।
बाढड़ा। बाढड़ा व झोझूकलां पंचायत समितियों व ग्राम पंचायतों के बैंक खातों में विकास की राशि न पहुंचने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने रोष प्रकट किया है। बीडीपीओ कार्यालय परिसर में सरपंच एसोसिएशन अध्यक्ष कृष्ण सोनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने विकास योजनाओं के लिए सरकार के सहयोग पर आभार जताया। उन्होंने बजट राशि जारी करने में देरी पर चिंता प्रकट की।
सरपंच कुलबीर श्योराण ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास के लिए बजट तो पर्याप्त मात्रा में आवंटित करती है जबकि समय पर बजट नहीं मिलने की वजह से ग्रामीण विकास प्रभावित हो रहा है। पहले प्राइवेट बैंक में खातों के जरिये राशि भेजी गई अब पीएनबी बैंक में खाता खुलवाया गया है। ऐसे में पंचायत प्रतिनिधि परेशानी से जूझ रहे हैं।
जिला प्रधान कृष्ण ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्टेट फंड कमीशन के तहत बाढड़ा व झोझूकलां पंचायत समितियों व ग्राम पंचायतों के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की दो किस्तें जारी करनी हैं जिनमें से एक ही किस्त पहुंच पाई है। सरपंचों ने विधायक उमेद पातुवास से विकास योजनाओं के लिए स्वीकृत राशि को पंचायतों के बैंक खातों में भिजवाने की मांग की है। बैठक में सरपंचों ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ग्राम स्तर पर ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करवाने, प्लास्टिक व नशामुक्त वातावरण करवाने का संकल्प किया। बैठक में एसोसिएशन उपाध्यक्ष अनिल नांधा, कमलेश, रमेश, बजरंग शर्मा सचिव, डॉ. ज्योति शर्मा, डॉ. मनोज, मोनिका लाडावास, कुलबीर श्योराण, सरपंच प्रद्युम्न शर्मा, सरपंच आनंद डांडमा आदि मौजूद रहे।