चरखी दादरी। उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित रहें।
इससे पहले भारत निर्वाचन आयोग के उप-चुनाव आयुक्त संजय कुमार व हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनदीप कौर ने वीसी के माध्यम से बैठक में संबंधित अधिकारियों से एसआईआर के दृष्टिगत बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र वितरण, मैपिंग तथा अन्य संबंधी कार्यों की विस्तार से जानकारी हासिल की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी गहन पुनरीक्षण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि के अन्दर पूरा करवाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि जिले में मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत जिले के सभी 484 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा गणना प्रपत्र वितरण को लेकर घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें अपने बूथ स्तर अधिकारी का सहयोग करें तथा अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम, पते एवं अन्य विवरणों की जांच अवश्य करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, तो निर्धारित प्रपत्र भरकर समय पर जमा करवाएं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है। इसलिए सभी नागरिक इस विशेष पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें और अधिक से अधिक लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
इस मौके पर एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह, एसडीएम आशीष सांगवान, नगराधीश डॉ. सुभाष चंद्र, चुनाव नायब तहसीलदार विनोद तंवर, कानूनगो मनोरमा एवं खजान आदि भी मौजूद रहे।