नशामुक्ति अभियान के लिए आयोजित बैठक में मौजूद उपायुक्त मुनीश शर्मा व अन्य अधिकारी। स्रोत : जनसंपर्क विभाग
- अभियान के मद्देनजर सोमवार को दादरी लघु सचिवालय सभागार में आयोजित की गई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। नशामुक्ति भारत अभियान के लिए उपायुक्त मुनीश शर्मा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय सभागार में सोमवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें आगामी 31 अगस्त तक जिले में चलने वाले नशामुक्ति अभियान पर मंथन किया गया।
उपायुक्त ने नशामुक्ति भारत अभियान के लिए पुलिस, विकास एवं पंचायत, शहरी स्थानीय निकाय, शिक्षा, खेल, महिला एवं बाल विकास, उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा, नेहरू युवा केंद्र, रेडक्राॅस आदि विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस मौके पर सभी अधिकारियों ने नशा मुक्ति को लेकर एक शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जिले में यह राष्ट्रव्यापी अभियान आगामी 31 अगस्त तक जारी रहेगा।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वे अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने इस अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने पर जोर दिया। ताकि, अधिक से अधिक नागरिक ऑनलाइन शपथ ले सकें। अभियान के पांच वर्ष पूरे होने के कारण जिले में जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न सेमिनार और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने नशामुक्ति भारत अभियान के तहत नशीली दवाओं के सेवन न करने के संबंध में सामूहिक शपथ का आयोजन करवाया जाएगा।
- शिक्षण संस्थानों पर रहेगा फोकस
उपायुक्त ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिए कि संस्थानों में नशामुक्ति अभियान के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित करें। उपायुक्त ने कहा कि नशामुक्ति भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और एक स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सफल बनाने के लिए विशेषकर शिक्षण संस्थानों में सेमिनार तथा विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित करवाकर जागरूकता फैलाएं।