चरखी दादरी। शुक्रवार को धनतेरस पर दादरी शहर में लोगों ने जमकर खरीदारी की। विभिन्न मार्केट का कारोबार करीब 10 करोड़ रुपये का रहा। अहम बात ये रही कि ऑटोमोबाइल मार्केट में एक दिन के अंदर 200 से अधिक दो और चार पहिया वाहनों की बिक्री हुई। वहीं, एक दिन में शहर में करीब 20 लाख रुपये की झाडू भी बिकी।
धनतेरस पर सामान्य दिनों के मुकाबले करीब ढाई गुना कारोबार हुआ। बाजारों में बूंदाबांदी के चलते सुबह चहल-पहल कम रही। दोपहर को बूंदाबांदी बंद होने के बाद ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। दादरी नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार चार साल बाद उम्मीद के मुताबिक कारोबार हुआ है।
इलेक्ट्रॉनिक्स, गारमेंट्स, सर्राफा, बर्तन आदि मार्केट में सुबह से शाम तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। शहर के बस स्टैंड रोड, पुराना बस स्टैंड रोड, रेलवे रोड, मेन बाजार, पुरानी सब्जी मंडी रोड पर सबसे अधिक भीड़ रही। इस भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए। कोर्ट रोड और मेन बाजार में चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए पुलिस ने पांच जगह बैरिकेड्स लगाए। शहर में सुबह से शाम तक इन बैरिकेड्स पर पुलिस कर्मी तैनात रहे।
जानिये... किस मार्केट की क्या रही स्थिति
1- सराफा बाजार: धनतेरस को लेकर सराफा बाजार में भी चहल-पहल रही। ज्यादातर लोगों ने चांदी के सिक्के, गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति समेत गहने खरीदने में रुचि दिखाई। सबसे अधिक मांग चांदी के बर्तनों, सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की रही। मार्केट में 50 लाख से अधिक का कारोबार होने के कयास लगाए गए।
2- कपड़ा बाजार : कपड़ों की दुकानों के अलावा बाहर लगी कपड़ों की स्टॉल पर काफी भीड़ उमड़ी। पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से लेकर बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर 100 से अधिक स्टॉल लगी हैं। कपड़ा मार्केट में भी 50 लाख से अधिक के कारोबार का अनुमान है और शाम तक इस मार्केट में ग्राहकों ने खरीददारी की।
3- बर्तन बाजार : शहर में बर्तनों की करीब 30 दुकानें हैं और सभी दुकानों पर सुबह से शाम तक ग्राहकों की आवाजाही रही। लोगों ने धनतेरस पर बर्तनों की खरीद की। बर्तन मार्केट एसोसिएशन प्रधान सतबीर गौड़ व दुकानदार सुधीर ने बताया कि धनतेरस पर ज्यादातर लोगों ने 5 नए बर्तन खरीदने में दिलचस्पी दिखाई।
4- ऑटोमोबाइल मार्केट : धनतेरस पर ऑटोमोबाइल मार्केट भी गुलजार रही। जिले में करीब 200 वाहनों की डिलीवरी दी गई। ऑटोमोबाइल मार्केट सेक्टर में एक दिन के अंदर करीब दो करोड़ रुपये का कारोबार होने के कयास लगाए जा रहे हैं। करीब 40 चार पहिया और 150 से अधिक दोपहिया वाहनों की डिलीवरी दी गई।
- ये रहे सुरक्षा के प्रबंध
- बस स्टैंड से परशुराम चौक तक 15 पुलिसकर्मी तैनात रहे।
- परशुराम चौक से लाला लाजपत राय चौक तक 15 कर्मचारी तैनात रहे।
- आंबेडकर चौक से पुरानी सब्जी मंडी तक 6 पुलिसकर्मी तैनात रहे।
- रेलवे रोड पर चार पुलिसकर्मी त्योहारी सीजन की ड्यूटी करते मिले।
पुलिस ने यहां लगाए नाके
जिला पुलिस ने बाजारों में चार पहिया वाहनों को आवागमन रोकने के लिए परशुराम चौक, कोर्ट के पिछली तरफ वाली सड़क पर, आंबेडकर चौक पर, लाला लाजपतराय चौक पर बैरिकेड्स लगाए। इसके अलावा राइडर्स और पीसीआर पर तैनात पुलिस टीम भी लगातार गश्त करती रही।
फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर शहर में सुरक्षा प्रबंध कड़े हैं। भीड़ के मद्देनजर ही बाजार में चार पहियों का आवागमन रोका गया है। दिवाली तक पुलिसकर्मी सुबह से शाम तक लगातार गश्त करेंगे।
-नितिका गहलोत, एसपी, चरखी दादरी
इस बार कारोबार की स्थिति ठीक रही। दोपहर तक ग्राहकी कम रही जबकि मौसम साफ होने के बाद ग्राहकों की भीड़ बाजार में उमड़ी। अगले दो दिन और व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
-रविंद्र गुप्ता, संरक्षक, नगर व्यापार मंडल