नागरिक अस्पताल में मौजूद पुलिस व मृतका के परिजन।
बाढड़ा(चरखी दादरी)। दादरी जिले के गांव बिंद्राबन निवासी एक 24 वर्षीय विवाहिता की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए परेशान करने के आरोप लगाए हैं। इस आधार पर पुलिस ने मृतका के पति सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं रविवार को चिकित्सकों के बोर्ड के माध्यम से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
भिवानी जिले के गांव कासनी खुर्द निवासी सुभाष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी अप्रैल 2024 में गांव बिंद्राबन निवासी कुलदीप के साथ हुई थी। शनिवार को उसे सूचना मिली कि उसकी बहन को दादरी नागरिक अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया है। जब वह अस्पताल में पहुंचा और शव देखा तो उसे शक हुआ कि उसकी बहन को मारा गया है। उसने शिकायत में कहा कि उसके बहनोई, उसके दो भाई और उनकी मां इसमें शामिल है। इस हादसे की सूचना भी उसे उनके कार चालक से मिली। उसने शिकायत में बताया कि उसकी बहन को ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए परेशान करते थे।
मामले की जांच कर रहे अटेला चौकी प्रभारी एएसआई अमित ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर मृतका के पति, देवर, जेठ व सास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी शव व घर का मुआयना किया है। पुलिस द्वारा मामले में गहनता से जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर हुआ हंगामा
नागरिक अस्पताल में रविवार को मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा भी किया। जिस पर पुलिस ने उन्हें शांत करवाया। वहीं मृतका के शव को लेकर जाने की बात पर भी दोनों पक्षों में गरमा-गरमी हुई।