कस्बे में लगी सौर ऊर्जा संचालित लाइटें।
- फोटो : 1
बाढड़ा। कस्बे की सड़कों पर लगी सौर ऊर्जा से संचालित अनेक लाइटें खराब हो चुकी हैं। इसके कारण सूरज ढलते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। इससे कस्बे के लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों को कहना है कि या तो लाइटें ठीक की जाए या नई लाइटें लगाई जाएं।
दुकानदार सुरेश कुमार, अनिल कुमार, अशोक कुमार, सुखबीर, विजयपाल, जगदीश आदि ने बताया कि प्रशासन द्वारा कस्बे की सड़कों को रात्रि में रोशन करने के लिए कुछ वर्ष पहले सौर ऊर्जा आधारित लाइटें लगवाई गई थी। इन पर करीब 75 लाख रुपये का खर्च आया था। लेकिन प्रशासन ने उसके बाद इन लाइटों की सुध तक नहीं ली।
दिन ढलते ही छा जाता है अंधेरा
देखरेख के अभाव में काफी सौर ऊर्जा आधारित लाइटें धीरे-धीरे खराब होती चली गई। कस्बे की हर सड़क पर काफी लाइटें खराब पड़ी हैं, जिसके कारण शाम होते ही कस्बे की सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। इससे कस्बे के दुकानदारों में रोष व्याप्त है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कस्बे की सड़कों पर लगाई गई सौर ऊर्जा आधारित लाइटों को ठीक करवाया जाए ताकि आम आदमी को परेशानियों का सामना ना करना पड़े। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुंदरपाल ने बताया कि जल्द ही प्रशासन के अधिकारियों से मिल कर इस बारे में बात करेंगे।
प्रशासन स्ट्रीट लाइटों की कब लेगा सुध
कस्बे के दुकानदारों ने बताया कि वे पिछले काफी समय से स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने की मांग को लेकर कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन मामले में कोई सुध नही ले रहा है। लाइटें खराब होने के कारण महिलाओं व राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अंधेरे के कारण दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।