महाराज कपिल का मनोबल बढ़ाते हुए युवा।
चरखी दादरी। शहर के निजी अस्पताल में एबी-निगेटिव रक्त की आपातकालीन आवश्यकता पड़ने पर सूरजगढ़ श्याम मंदिर के महंत कपिल इंदौरिया ने रक्तदान कर मरीज की जान बचाई।
रक्तवीर परिवार के संयोजक राजेश सोनी ने बताया कि जैसे ही एक यूनिट एबी-निगेटिव रक्त की आवश्यकता की सूचना उन्हें मिली, उसी क्षण रोहतक जा रहे कपिल महाराज ने बिना किसी देरी के अपनी यात्रा रोकी और सीधे चरखी दादरी पहुंचकर रक्तदान किया।
रक्तदान लिए ब्लड बैंक स्टाफ और रक्तवीर परिवार के सदस्यों ने कपिल इंदौरिया का आभार व्यक्त किया और उनके इस मानवीय कार्य की सराहना की। इस अवसर पर कपिल महाराज ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक कर्तव्य नहीं, बल्कि, जीवन रक्षक संकल्प है। यदि उनके रक्त से किसी की जिंदगी बच सकती है तो यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।
महंत ने युवा वर्ग से अपील करते हुए कहा कि वे आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करें और समाज को सकारात्मक संदेश दें। राजेश सोनी ने बताया कि 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में रक्तवीर परिवार की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।