लॉकडाउन-2 पूरा होने में अभी 14 दिन और बचे हैं लेकिन लोग खुद, परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर नहीं हैं। शनिवार को लॉकडाउन के चलते धारा-144 लागू होने के बावजूद लोग सड़कों पर निकले। तीनों पहर ही ये स्थिति बनी रही। सुबह और शाम सड़कों पर लोगों का तादाद अधिक नजर आई। वहीं, शनिवार को डीएसपी शमशेर दहिया ने शहर में तो सख्ती बरती लेकिन बाहरी क्षेत्रों में लगाए गए नाकों से वाहन चालक बेरोक-टोक गुजरते नजर आए। डीएसपी की अगुवाई में शहर में सक्रिया पुलिस टीम ने वाहन चालकों पर कार्रवाई की और 12 वाहन चालकों पर कार्रवाई भी की गई।
दादरी शहर में लॉकडाउन की हकीकत जांचने के लिए अमर उजाला टीम ने प्रमुख मार्गों ऑैर बाहरी क्षेत्रों में लगाए गए नाकों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान शहर के मुख्यमार्गों पर तो पुलिस कार्रवाई करती नजर आई लेकिन नाकों पर ढिलाई ही देखने को मिली। नाकों और शहर में कोई साइकिल लेकर तो कोई दुपहिया वाहन लेकर घुमता नजर आया जबकि ज्यादातर के पास अनुमति पत्र तक नहीं था। वहीं, गाड़ियां लेकर भी लोग सड़कों पर घुमते नजर आए। शहर के बाहरी क्षेत्रों में लगाए गए नाकों से गुजरे 183 वाहनों में से महज 13 को ही पुलिसकर्मियों ने रुकवाया। 170 वाहनों को तो पुलिस कर्मियों ने रुकवाने की जहमत नहीं उठाई। अमर उजाला ने बीस-बीस मिनट तक चारों नाकों का जायजा लिया। पेश है अमर उजाला की ग्राउंड रिपोर्ट....
ये रही शहर के बाहरी नाकों की स्थिति
रावलधी नाके से 20 मिनट में गुजरे 35 वाहन, चार बाइकें रुकवाई
अमर उजाला टीम सुबह 10:40 पर रावलधी टी-प्वाइंट नाका पर पहुंची। यहां टीम 20 मिनट तक रुकी रही और इस दौरान यहां से 35 वाहन गुजरे। इनमें 20 चौपहिया और 14 दुपहिया वाहन शामिल थे। नाके पर दो पुलिसकर्मी बैठे नजर आए जबकि कुछ पुलिसकर्मी सड़क के दूसरी तरफ बैठे थे। नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जांच के लिए महज चार बाइकें रुकवाई।
समसपुर टी-प्वाइंट से बीस मिनट में गुजरे 62 वाहन
करीब 11:05 पर अमर उजाला टीम समसपुर टी-प्वाइंट नाके की जायजा लेने पहुंची। यहां तीन पुलिसकर्मी तैनात मिले। 11:25 तक टीम यहां रही और इस दौरान नाके से कुल 62 वाहन गुजरे। इनमें 30 दुपहिया और 32 चौपहिया वाहन शामिल रहे। पुलिस कर्मचारियों ने एक कार और पांच बाइकों को रुकवाकर पूछताछ की जबकि बाकी वाहन चालक बिना रुके यहां से गुजरे।
चिड़िया मोड़ नाके गुजरे 60 से अधिक वाहन, दो बाइक और कैंटर ही रुकवाया
11:32 पर टीम चिड़िया मोड़ नाके की स्थिति का जायजा लेने पहुंची। यहां चार पुलिसकर्मी सड़क के दोनों तरफ तैनात मिले। 11:52 तक टीम यहां रुकी और इस दौरान 60 से अधिक वाहन गुजरे जिनमें 25 चौपहिया और 15 दुपहिया वाहन शामिल रहे। यहां से 20 मिनट में दस ट्रैक्टर और एक कैंटर भी गुजरा। पुलिसकर्मियों ने दो बाइक और कैंटर को रुकवाकर पूछताछ की।
लोहारु चौक नाके से गुजरे 45 वाहन, एक भी नहीं रुकवाया
दोपहर 12 बजे टीम लोहारु चौक ओवरब्रिज के नीचे लगाए गए पुलिस नाके पर पहुंची। यहां से बीस मिनट में 45 वाहन गुजरे जिनमें 20 कार और 25 बाइकें थीं। यहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने 20 मिनट तक किसी वाहन को नहीं रुकवाया। यहां से वाहन चालकों ने दादरी शहर में महेंद्रगढ़ चौक सहित भिवानी व बाढड़ा रोड पर कूच की। यह नाका सिविल अस्पताल से करीब 200 मीटर की दूरी पर है।
डीएसपी ने खुद रुकवाए वाहन, माइक से देते रहे निर्देश
डीएसपी शमशेर दहिया ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे कोर्ट रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यहां से गुजरने वाले वाहनों को रुकवाकर अनुमति पत्र की जांच की गई। डीएसपी ने न केवल खुद वाहनों को रुकवाया बल्कि अपनी गाड़ी में लगे माइक से पुलिस कर्मियों को निर्देश भी देते नजर आए। उन्होंने बेवजह घुमने वाले वाहन चालकों के चालान भी करवाए।