अस्पताल में अलग-रंग के कपड़ों में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी ।
- फोटो : CharkhiDadri
कोरोना टेस्ट के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेजे गए आठ और सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ये सभी रिपोर्ट शुक्रवार शाम और शनिवार सुबह पीजीआई से जिला स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को तीन और सैंपल जांच के लिए पीजीआई भेजे हैं। शनिवार शाम तक जिले से 181 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं और इनमें से 178 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार चरखी दादरी जिले में फिलहाल कोरोना संक्रमित एक भी व्यक्ति नहीं है। डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने बताया वीरवार को भेजे गए आठ सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि अब शनिवार को भेजे गए तीन सैंपलों की रिपोर्ट आनी ही पेंडिंग हैं। उन्होंने बताया कि जो आठ सैंपल निगेटिव आई हैं वो जमाती के संपर्क में नहीं आए हैं। खांसी और बुखार के लक्षण नजर आने पर उनके सैंपल लिए गए थे। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूर्णतया अलर्ट है। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि क्वारंटीन में रखे गए 1092 लोग सर्विलांस समय पूरा कर चुके हैं। 72 लोगों को क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया है जबकि 175 लोग होम क्वारंटीन हैं।