चरखी दादरी। सरदार झाड़ू सिंह चौक के समीप स्थित स्व. लाला रामस्वरूप दास सर्राफ मातृ-शिशु अस्पताल (एमसीएच यूनिट) में पिछले लंबे समय से बंद पड़ी लिफ्ट को ठीक करवा दिया गया है। लिफ्ट ठीक होने से विशेषकर गर्भवती महिलाओं को काफी राहत मिलेगी।
बता दें कि पिछले काफी समय से एमसीएच यूनिट में बंद पड़ी लिफ्ट का मुद्दा अमर उजाला समाचार पत्र में कई बार प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया गया था। अब अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लेते हुए लिफ्ट को दुरुस्त करवाते हुए चालू कर दिया है।
गौरतलब है कि सरदार झाड़ू सिंह चौक के समीप स्थित एमसीएच यूनिट में लगी लिफ्ट के निचले भाग में बारिश का पानी भरने से यह सुविधा छह माह से बंद थी। इसके कारण अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों व डायलिसिस के मरीजों को पहली, दूसरी, तीसरी मंजिल तक पहुंचने के लिए सीढि़यां चढ़कर जाना पड़ता था। मरीजों की परेशानी को देखते हुए अमर उजाला ने इस मुद्दे को आठ अगस्त के अंक में मातृ-शिशु अस्पताल की लिफ्ट बंद, गर्भवतियों को चढ़नी पड़ रहीं सीढियां नामक शीर्षक के साथ प्रकाशित किया था। वहीं एक दिसंबर को दोबारा इसी मुद्दे को एमसीएच की लिफ्ट बंद, सीढि़यां चढ़ने में फूल रहीं सांसें शीर्षक खबर के साथ उठाया था।
-11 लाख रुपये की आई थी लागत
एमसीएच यूनिट में जून 2024 में करीब 11 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट लगवाई गई थी, लेकिन बारिश के दिनों में चौवा आने से लिफ्ट के निचले हिस्से में पानी भर जाता था। इस कारण लिफ्ट बार-बार खराब हो रही थी। अब संबंधित विभाग की ओर से निचले भाग को वाटर प्रूफ करवाने के साथ खराब हुए उपकरणों को बदलवा कर लिफ्ट की सुविधा को शुरू करवाया गया है।
वर्जन :
एमसीएच में बंद पड़ी लिफ्ट को ठीक करवाने के बाद यह सुविधा मरीजों के लिए शुरू कर दी गई है। लिफ्ट को वाटरप्रूफ कर स्थाई समाधान करवाया गया है। अब लिफ्ट के खराब होने की संभावना कम ही रहेगी। डॉ. नरेश कुमार, सिविल सर्जन, दादरी।