चरखी दादरी। शहर के महेंद्रगढ़ चौक स्थित ऑटो मार्केट में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी दुकानदारों और आमजन के लिए परेशानी बनी हुई है। चौक से नारनौल की तरफ जाने वाले एनएच 148 बी के डिवाइडर पर ग्रिल नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं।
वहीं मार्केट में करीब पांच साल पहले नाले का निर्माण करवाया गया था लेकिन नियमित सफाई न होने से इसकी निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके चलते बरसात के दिनों में दुकानों के सामने जलभराव की स्थिति बनी रहती है। पानी जमा होने से दुकानदारों को कारोबार करने में दिक्कत होती है वहीं ग्राहकों को भी अपने वाहन खड़े करने और दुकानों तक पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मार्केट में बनी असुविधाओं की सुध लेने की मांग की है।
स्थानीय ऑटो मार्केट के दुकानदारों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की ओर से बारिश के पानी निकासी के लिए नाले का निर्माण करवाया गया था। विभाग ने नाले में गंदगी और कचरे को रोकने के लिए नाले पर पक्का स्लैब बनवाया गया था। लंबा समय गुजर जाने के बाद नाले की निकासी पर मिट्टी जमा होने के कारण बारिश का पानी नाले तक नहीं पहुंच रहा है। जिसके कारण दुकानों के सामने जलभराव की गंभीर समस्या बन जाती है। जिससे दुकानों का कारोबार ठप हो जाता है। इससे आसपास का वातावरण प्रभावित होने के साथ ही मच्छर पनपने का खतरा बना रहता है।
व्यापारियों ने संबंधित विभाग से कई बार समस्या का समाधान करवाने की मांग उठाई है लेकिन स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई। वहीं महेंद्रगढ़ चौक से नारनौल जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच डिवाइडर नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करने वाले लोगों को जोखिम उठाना पड़ता है।
दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए यह रास्ता विशेष रूप से असुरक्षित बना हुआ है। वहीं बेसहारा पशु अक्सर यहां हादसों में घायल होते रहते हैं। व्यापारियों ने नाले की सफाई करवाने, जलनिकासी दुरुस्त करने और हाईवे पर डिवाइडर के बीच लोहे की ग्रिल लगाने की मांग की है।
कोट
ऑटो मार्केट में दोनों तरफ बने नाले का निर्माण हुए करीब पांच साल बीत चुके हैं लेकिन इसकी नियमित सफाई नहीं करवाई जाती। गंदगी जमा होने से पानी की निकासी बाधित रहती है और दुकानों के सामने परेशानी बनी रहती है।सुरेंद्र सिंह, स्थानीय दुकानदार।
बारिश के दिनों में जलभराव से ग्राहक अपने वाहन दुकानों के सामने खड़े नहीं कर पाते। कई बार पानी से बचकर दुकान तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है।संतराम, दुकानदार
नेशनल हाईवे के बीच डिवाइडर पर ग्रिल नहीं होने के कारण वाहन चालक मनमाने तरीके से आवाजाही करते हैं। सड़क पार करते समय हमेशा हादसे का भय बना रहता है। यहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध जरूरी हैं।सतबीर सिंह, दुकानदार
नाले का निर्माण होने के बाद से नाले की एक बार भी सफाई नहीं हुई है। लंबे समय से नाले की सुध नहीं लेने के कारण नाले पर बने निकासी के झरने तक बंद हो गए है। जिसके कारण बारिश का पानी नाले में जाने की अपेक्षा दुकानों के सामने ही भरा रहता है। अमरपाल सिंह, दुकानदार
वर्सन:
हमारे कर्मचारी संबंधित हाईवे की समस्याओं को लगातार दुरुस्त करने में लगे हुए हैं। नाले की सफाई की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की है। अंकित कुमार, कनिष्ठ अभियंता नेशनल हाईवे।