चरखी दादरी। राजकीय स्कूल झोझू कलां परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी टूटने की घटना के बाद बोर्ड के संयुक्त सचिव ने केंद्र का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों व चीफ सुपरिंटेंडेंट से इस बारे में बातचीत की। संयुक्त सचिव ने ग्रामीणों से इसमें सहयोग की अपील और कहा कि अगर ऐसा होता रहा तो नकल रहित परीक्षा संपन्न करवाने में मुश्किलें आएंगी। इससे पूर्व परीक्षा केंद्र अधीक्षक धर्मेंद्र ने सीसीटीवी टूटने की सूचना शिक्षा बोर्ड के कंट्रोल रूम में दी थी। इस संबंध में शिक्षा बोर्ड की ओर से ही कार्रवाई की जा रही है।
परीक्षा केंद्र के अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दो मार्च को दसवीं कक्षा की फिजिकल, संस्कृत, होम साइंस सहित पांच ऐच्छिक विषयों की परीक्षा थी। उन्होंंने बताया कि तीन मार्च को जब वह परीक्षा केंद्र में पहुंचे तो पता चला कि कैमरे टूटे हुए हैं और तार नीचे लटक रहे थे। केंद्र अधीक्षक धर्मेंद्र ने बताया कि उसके सामने केवल दो कमरों में ही सीसीटीवी लगे हुए थे। उसने कैमरे टूटने की सूचना बोर्ड के कंट्रोल रूम में उसी समय दे दी थी।शिकायत के बाद सोमवार को शिक्षा बोर्ड से ज्वाइंट सेक्रेटरी ने झोझू कलां परीक्षा केंद्र का दौरा किया। संयुक्त सचिव ने परीक्षा केंद्र की वीडियो बनाई व रिकार्डिंग भी की।
शिक्षा बोर्ड जल्द लेगा अगला निर्णय
इस संबंध में शिक्षा बोर्ड की प्रश्नपत्र फ्लाइंग के इंचार्ज विद्या सागर गेरा ने बताया कि शिक्षा बोर्ड प्रशासन जल्द ही इस संबंध में अगला निर्णय लेगा। बोर्ड प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।