डीडीपीओ को ज्ञापन सौंपते जजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता। विज्ञप्ति
चरखी दादरी। जननायक जनता पार्टी की दादरी जिले इकाई ने बुधवार को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) की सीबीआई जांच की मांग के लिए डीडीपीओ रविंद्र के माध्यम से राज्यपाल के नाम मांग पत्र सौंपा। दादरी के लघु सचिवालय में किसान प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष नरेश द्वारका, जिलाध्यक्ष रविंद्र सांगवान व जिला प्रभारी ऋषिपाल उमरवास के नेतृत्व में मांग पत्र सौंपा गया।नरेश द्वारका, रविंद्र सांगवान, ऋषिपाल उमरवास ने कहा कि एचटेट में गड़बड़ी से सरकार के बिना पर्ची-खर्ची के नारे पर सवालिया निशान लगना लाजमी है। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में अनियमितताएं एवं संदेहास्पद परिस्थितियां सामने आई हैं, जो परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता व विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। जब एचटेट का परिणाम तैयार हो चुका था तब उसे अचानक रिकॉल क्यों किया गया। इसके पीछे के कारण अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
जजपा दादरी हलका अध्यक्ष राकेश कलकल, बाढड़ा हलका अध्यक्ष विजय श्योराण काकड़ौली व मीडिया प्रभारी राजेंद्र ने कहा कि सरकार का असली चेहरा उजागर हो गया है। किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राजबीर चेयरमैन सहित जजपा नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से इस मामले में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई से जांच करवाने की मांग की है।
इस मौके पर महिला जिला अध्यक्ष लक्ष्मी बलौदा, मनफूल शर्मा, प्यारेलाल लांबा, भूपेंद्र बौंद, देवेंद्र बिगोवा, दीपेश कारी, संजीव काकड़ौली, धर्मराज ढाणी फोगाट आदि भी मौजूद रहे।