बाढड़ा। आय को आधार मानकर या बिना किसी वजह के बुजुर्गों की पेंशन काटकर भाजपा सरकार जननायक देवीलाल की ओर से बुजुर्गों को दिए गए सम्मान का अपमान कर रही है। इनेलो बाढड़ा हलका अध्यक्ष आर्य उद्यम सिंह ने कहा कि विगत कुछ दिनों में बिना कारण बताए बाढड़ा हलके में काफी संख्या में बुजुर्गों की पेंशन काटी गई है।
इनेलो हलका अध्यक्ष आर्य ने शनिवार को गांवों में जनसंपर्क के दौरान यह बात कही। उन्होंने युवाओं से तीन फरवरी को चरखी दादरी में होने वाले युवा जिला सम्मेलन में भाग लेने की अपील की। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर इनेलो के युवा राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला युवाओं को संबोधित करेंगे। आर्य ने कहा कि हरियाणा में इनेलो की सरकार बनते ही बुजुर्गों की कटी हुई पेंशन ब्याज समेत उनके घर तक पहुंचाने का काम करेंगे। इस दौरान उनके साथ जिला उपाध्यक्ष सोनू, सूरजभान द्वारका, युवा हलका प्रधान कर्मवीर,राकेश कुमार मौजूद रहे।