चरखी दादरी। जिले के गांव मानकावास निवासी 17 वर्षीय तैराक ईशांत सिंह की कामयाबी बेमिसाल है। कम उम्र में ही उसने इतिहास रच दिया।तैराक ईशांत सिंह ने समुद्र की लहरों और खतरों को पार करते हुए लंदन से फ्रांस तक करीब 47 किलोमीटर की दूरी तैरकर बुधवार रात एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। तैराकी में उसने भारत का नाम दुनियाभर में रोशन किया है।
इस यात्रा की शुरुआत लंदन से मंगलवार को शुरू हुई थी। इस दौरान वहां का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस था। कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को पहला पदक दिलाने वाले अर्जुन अवाॅर्डी तैराकी टीम के ग्रुप लीडर प्रशांत करमाकर ने इस सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईशांत सिंह ने ठंडे और खारे पानी, तेज हवाओं व ज्वार की धाराओं को मात देते हुए समुद्री मार्ग से लंदन से फ्रांस तक की 47 किलोमीटर लंबी दूरी तैरकर पार की। यह हमारे लिए गर्व की बात है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
पिता जोगेंद्र सिंह ने बताया कि इससे पहले भी ईशांत ने अप्रैल माह में भारत और श्रीलंका के बीच स्थित प्रसिद्ध रामसेतु को तैरकर स्पर्श किया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका बेटा आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेगा। उन्होंने बताया कि दोनों ही अभियान काफी कठिन थे, क्योंकि खारे पानी में समुद्र के जीव-जंतुओं की भी भरमार होती है। इस चुनौतीपूर्ण अभियान की निगरानी नौसेना और वायुसेना के जहाजों द्वारा की गई थी।